अमेरिका में पढ़ा दामाद, एक दिन में बेटी की शादी और बेटे का जनेऊ... अनंत सिंह के घर शाही जश्न की तैयारी

बिहार के चर्चित नेता अनंत सिंह के घर 25 नवंबर को दो बड़े मांगलिक आयोजन होने जा रहे हैं. उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी पटना के ऋषिकेश कुमार से होगी, जिन्होंने अमेरिका से पढ़ाई की है. इसी दिन छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होगा. शादी के लिए कई एकड़ में भव्य पंडाल, विदेशी फूलों की सजावट और घुड़दौड़ की तैयारी की जा रही है. उन्होंने नीरज कुमार के अलावा पूरे बिहार को न्यौता देने की बात कही है.

Advertisement
अनंत सिंह के घर में बेटी की शादी की तैयारी शुरू हो गई है (Photo: ITG) अनंत सिंह के घर में बेटी की शादी की तैयारी शुरू हो गई है (Photo: ITG)

कमाल उद्दीन

  • मोकामा,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:31 AM IST

बिहार की राजनीति में अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मोकामा के अनंत सिंह के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है. मौका उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का है. लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ शादी की नहीं, बल्कि उस भव्य आयोजन की भी है, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ है. बेटी की शादी के साथ ही छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होगा. यानी एक ही दिन घर में दो बड़े मांगलिक आयोजन होंगे. शादी के लिए अमेरिका से फूल मंगाए जा रहे हैं, कई एकड़ जमीन पर भव्य पंडाल तैयार करने की योजना है और मेहमानों के मनोरंजन के लिए देश-प्रदेश के कलाकारों को बुलाने की तैयारी चल रही है.

Advertisement

शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को तय की गई है. उनका विवाह पटना जिले के बिहटा क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगा. परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. अनंत सिंह के पैतृक गांव बाढ़ के लदमा में इस आयोजन को लेकर खास इंतजाम किए जा रहे हैं. बिहार के अलग-अलग इलाकों से लेकर देश के दूसरे हिस्सों तक मेहमानों को निमंत्रण भेजने की तैयारी है.

अमेरिका में पढ़े हैं होने वाले दामाद, अटलांटा से ली MBA की डिग्री

अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित की पढ़ाई को लेकर भी चर्चा है. बताया जा रहा है कि वह पटना के बिहटा इलाके के कृष्णानगर के रहने वाले हैं. उन्होंने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की है. यानी एक तरफ बिहार की राजनीति में चर्चित परिवार और दूसरी तरफ अमेरिका में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले दामाद का रिश्ता. शादी को लेकर परिवार और करीबियों में उत्साह है. 

Advertisement

कई एकड़ में तैयार होगा पंडाल, मऊ से बुलाए गए डेकोरेशन के कलाकार

शादी को यादगार बनाने के लिए लदमा गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. आयोजन स्थल के लिए कई एकड़ जमीन तैयार की जा रही है. पंडाल की सजावट के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से विशेष कारीगरों को बुलाने की बात सामने आई है. सजावट में विदेश से मंगाए जाने वाले फूलों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. आयोजन में मेहमानों की बड़ी संख्या पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इतना ही नहीं, शादी में घुड़दौड़ कराने की भी तैयारी है. इसके लिए बिहार के अलग-अलग हिस्सों के अलावा देश के अन्य क्षेत्रों से भी रेस के घोड़े मंगाए जाने की चर्चा है. घुड़दौड़ के लिए अलग मैदान तैयार किया जा रहा है. आने वाले दिनों में घोड़ों के बाढ़ पहुंचने की उम्मीद है.

सोनू सूद से पवन सिंह तक, इन कलाकारों के आने की चर्चा

शादी समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र हो सकते हैं. फिल्म अभिनेता सोनू सूद के 25 नवंबर को लदमा पहुंचने की चर्चा है. इसके अलावा भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह, गायक गुंजन सिंह और मशहूर गायक उदित नारायण समेत कई कलाकारों के कार्यक्रम में शामिल होने की भी चर्चा है. कार्यक्रम में भोजपुरी, मगही और मुंबईया अंदाज के कलाकारों को भी मंच देने की तैयारी है. हालांकि, इन सभी कलाकारों की मौजूदगी को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है. शादी से पहले अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार देवी-देवताओं को निमंत्रण अर्पित किया है. इसके साथ ही रिश्तेदारों, परिचितों और राजनीतिक क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है.

Advertisement

राजनीतिक मुश्किलों के बीच घर में मांगलिक आयोजन

अनंत सिंह के परिवार में यह आयोजन ऐसे समय हो रहा है, जब वह खुद राजनीतिक और कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. हाल ही में विधान परिषद चुनाव को लेकर उनका जनता सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन देना चर्चा में रहा. उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया था. हालांकि, चुनाव में नीरज कुमार को जीत मिली. इसके बाद जेडीयू ने अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया. पार्टी की ओर से उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई गई. इस मामले में बिहार विधानसभा सचिवालय की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया. यह कार्रवाई जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की शिकायत के बाद शुरू हुई थी. शिकायत में अखबारों की कटिंग, सीडी और अन्य दस्तावेज भी सौंपे जाने की बात कही गई. वहीं, पटना स्थित सरकारी आवास खाली करने को लेकर भी उन्हें नोटिस मिला है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »