भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में सीएनजी (CNG) का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है. बड़ी संख्या में लोग अब सीएनजी वाले पैसेंजर व्हीकल खरीद रहे हैं. हालांकि, सीएनजी में आपको ज्यादा ब्रांड्स के ऑप्शन नहीं मिलेंगे. कई ब्रांड्स ने अब सीएनजी मॉडल्स को लॉन्च करने पर विचार करना शुरू कर दिया है.
जहां निसान, रेनो और होंडा ने अपनी कारों में डीलरशिप फिटमेंट वाले सीएनजी ऑप्शन देने शुरू कर दिए हैं. वहीं महिंद्रा और स्कोडा जैसे ब्रांड्स सीएनजी लॉन्च करने पर विचार कर रहे हैं. अगर आप एक सीएनजी कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो हम आपके लिए बेस्ट सेलिंग कारों की एक लिस्ट लेकर आए हैं.
इस लिस्ट में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार मारुति सुजुकी अर्टिगा है. वित्तवर्ष 2025-26 में मारुति सुजुकी अर्टिगा की 1,45,480 यूनिट्स बिकी हैं. भारतीय सीएनजी पैसेंजर व्हीकल मार्केट में इस कार की हिस्सेदारी 14.3 फीसदी है. ये 7-सीटर कार लो रनिंग कॉस्ट और बेहतरीन स्पेस का एक प्रैक्टिकल ऑप्शन है. यही वजह है कि ये कार सालों से बेस्ट सेलिंग एमपीवी है.
यह भी पढ़ें: पेट्रोल, CNG, EV सब एक साथ, Renault का बड़ा दांव! ला रहा है मल्टी-फ्यूल Bridger
इसके बाद दूसरे नंबर पर भी मारुति सुजुकी की ही कार है. हम बात कर रहे हैं मारुति सुजुकी डिजायर की, जिसकी सीएनजी में इस वित्तवर्ष 1,35,330 यूनिट्स बिकी हैं. इस कार की हिस्सेदारी 13.3 फीसदी की है. ध्यान रखें कि मार्च 2026 में ये बेस्ट सेलिंग कार रही है.
| कार | FY2026 में सेल (CNG) |
| मारुति सुजुकी अर्टिगा | 1,45,480 |
| मारुति सुजुकी डिजायर | 1,35,330 |
| मारुति सुजुकी वैगनआर | 96,381 |
| मारुति सुजुकी ब्रेजा | 71,329 |
| टाटा नेक्सन | 69,168 |
| टाटा पंच | 67,468 |
| मारुति सुजुकी ईको | 66,675 |
| हुंडई ऑरा | 62,612 |
| मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स | 54,805 |
| मारुति सुजुकी विक्टोरिस | 35,677 |
मारुति सुजुकी वैगनआर तीसरे नंबर पर आती है, जिसकी इस साल 96,381 यूनिट्स बिकी हैं. कार शेयर 9.5 फीसदी है. ये एक सस्ती सीएनजी हैचबैक है, जिसे भारत में बड़ी संख्या में लोग पसंद करते हैं. मारुति ब्रेजा की 71,329 यूनिट्स को कंपनी ने वित्तवर्ष 2026 में बेचा है. इसका मार्केट शेयर 7.0 परसेंट है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में NO PUC, NO Fuel रूल लागू! पेट्रोल-डीजल, CNG कुछ नहीं मिलेगा
यानी टॉप 5 में चार सीएनजी कारें मारुति की हैं. पांचवें नंबर पर टाटा नेक्सन है, जिसकी इस वित्तवर्ष में 69,168 यूनिट्स बिकी हैं. वहीं 6वें नंबर पर टाटा पंच है, जिसकी 67,468 यूनिट्स सीएनजी में बिकी हैं. मारुति सुजुकी ईको इस लिस्ट में शामिल एक मात्र वैन है, जो जिसकी 66,675 यूनिट्स बिकी हैं.
हुंडई ऑरा की 62,612 यूनिट्स, मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स की 54,805 यूनिट्स और मारुति विक्टोरिस की 35,677 यूनिट्स सीएनजी में इस वित्तवर्ष में बिकी हैं. अगर आप टॉप 10 सीएनजी गाड़ियों की लिस्ट पर नजर डालेंगे, तो पाएंगे कि सबसे ज्यादा मारुति सुजुकी ने कारों को बेचा है. आधे से ज्यादा सीएनजी मार्केट पर इस कंपनी का कब्जा है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क