scorecardresearch
 

घर में नींबू उगाने के ये हैं तीन तरीके, बीज बोने से लेकर देखभाल तक...जानें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

नींबू का पौधा घर पर लगाना आसान है और सही देखभाल से यह सालभर ताजा नींबू देता है. नर्सरी से पौधा खरीदना, बीज से उगाना या कटिंग से लगाना तीन मुख्य तरीके हैं. गमला, मिट्टी, पानी और खाद की सही तैयारी से पौधा स्वस्थ रहता है. आइए जानते हैं घर पर नींबू उगाने का प्रोसेस.

Advertisement
X
सही देखभाल से 1-2 साल में आने लगते हैं नींबू (File Photo-Pixabay)
सही देखभाल से 1-2 साल में आने लगते हैं नींबू (File Photo-Pixabay)

किचन में नींबू की डिमांड सालभर रहती है. अगर आप भी गार्डनिंग के शौकीन हैं और बालकनी या गार्डन में नींबू का पौधा लगाना चाहते हैं, तो यकीन मानिए, सही देखभाल से इसमें सालों-साल भरपूर नींबू आ सकते हैं. घर पर नींबू का पौधा लगाने से न सिर्फ ताजा नींबू मिलेंगे, बल्कि हरियाली भी रहेगी. आइए जानते हैं घर में नींबू का पौधा लगाने का तरीका क्या है.

नींबू का पौधा लगाने के तीन मुख्य तरीके 

  • नर्सरी से तैयार पौधा खरीदकर लगाना (सबसे तेज और आसान)  
  • नींबू के बीज से पौधा उगाना  
  • कटिंग या तने से लगाना

ज्यादातर लोग नर्सरी से पौधा लेकर लगाते हैं क्योंकि इससे 1-2 साल में फल आने लगते हैं. बीज से उगाने में 3-5 साल लग सकते हैं. वहीं, अगर आपके पास पहले से एक स्वस्थ नींबू का पौधा या पड़ोस में कोई अच्छा नींबू का पेड़ है, तो आप उसकी कटिंग (तने की डाल) से नया पौधा तैयार कर सकते हैं. इसके लिए मॉनसून (जून-जुलाई) या वसंत (फरवरी-मार्च) मौसम सही होता है. 

नींबू के पौधे के लिए क्या तैयारी करें?
सबसे पहले अच्छा गमला चुनें.कम से कम 16-18 इंच व्यास और गहराई वाला गमला लें. प्लास्टिक, मिट्टी या ग्रो बैग कोई भी चलेगा, लेकिन नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए. शुरुआत में ज्यादा बड़ा गमला ना लें. पौधे के थोड़ा बड़ा होने पर बड़ा गमला बदल सकते हैं. 

Advertisement

मिट्टी कैसे तैयार करें?
नींबू को अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी चाहिए. 50% सामान्य मिट्टी , 25-30% कोकोपीट या पीट मॉस (पानी को रोकने और हवा देने के लिए), 20-25% वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद और थोड़ा बालू मिला सकते हैं ताकि पानी ज्यादा न रुके.

नींबू का पौधा कैसे लगाएं? (नर्सरी वाला पौधा)  

  • गमले में सबसे नीचे छोटे-छोटे पत्थर या टूटे बर्तन के टुकड़े डालें (ड्रेनेज के लिए). 
  • ऊपर तैयार मिट्टी भरें, ऊपर से 2-3 इंच जगह छोड़ें.  
  • पौधे की जड़ों को हल्के से फैलाएं और गमले के बीच में रखें.
  • चारों तरफ मिट्टी डालकर हल्का दबाएं और पानी दें. 
  • ध्यान रखें कि ज्यादा पानी न डालें.  

पौधे को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना 6-8 घंटे सीधी धूप मिले. बालकनी, छत या खिड़की के पास रखना अच्छा है.

बीज से नींबू कैसे उगाएं?  

  • एक अच्छे, ताजे और पके नींबू से बीज निकालें.
  • बीज को अच्छे से धो लें, ऊपरी पतली परत हटा दें.
  • बीज को 24 घंटे पानी में भिगोएं.
  • नम मिट्टी या कोकोपीट में ½ इंच गहराई पर बोएं.
  • गमले को छायादार जगह पर रखें और मिट्टी नम रखें.
  •  2-4 हफ्ते में अंकुर निकल आएगा. जब पौधा 6-8 इंच का हो जाए तो धूप वाली जगह पर ले जाएं.

कटिंग कैसे लगाएं?  

Advertisement
  • कटी हुई टहनी से नीचे के 2-3 इंच हिस्से की सारी पत्तियां और कांटे हटा दें. 
  • कटिंग को 2-3 इंच गहराई तक मिट्टी में डालें (कम से कम 1-2 नोड मिट्टी में हों.
  • चारों तरफ मिट्टी हल्के से दबाएं.
  • अच्छे से पानी स्प्रे करें या हल्का पानी दें.
  • गमले को पारदर्शी प्लास्टिक बैग या बोतल से ढक दें (मिनी ग्रीनहाउस बनाने के लिए. इससे नमी बनी रहती है और जड़ें जल्दी आती हैं.
  • गमले को छायादार जगह पर रखें (सीधी धूप न लगे), जहां रोशनी अच्छी आए लेकिन गर्मी न हो.
  • कटिंग से तैयार पौधा मां पौधे जैसा ही रहता है, इसलिए अच्छे स्वाद वाले नींबू से ही कटिंग लें.

नींबू के पौधे की देखभाल कैसे करें?

पानी: गर्मियों में हर 1-2 दिन में पानी दें. सर्दियों में 3-4 दिन में पानी देना सही रहता है. मिट्टी सूखने पर ही पानी दें, ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं.  

खाद: हर 1-2 महीने में वर्मीकम्पोस्ट या नींबू के लिए खास खाद डालें. फूल आने पर पोटाश वाली खाद ज्यादा अच्छी रहती है.  

कटाई-छंटाई: सूखी टहनियां काटते रहें. पौधा ज्यादा लंबा न होने दें, ऊपरी हिस्से काटकर झाड़ीदार बनाएं.  

कीड़े-मकोड़े: अगर पत्तियों पर सफेद कीड़े लगें तो नीम का तेल छिड़कें.

Advertisement

सर्दी में सावधानी: ठंड में पौधे को घर के अंदर या ढककर रखें.

अगर पौधा सूखने लगे तो जड़ों के पास एप्सम सॉल्ट (मैग्नीशियम सल्फेट) का हल्का घोल डालें और पानी ज्यादा न दें. सही देखभाल से 1-2 साल में फूल और फल आने लगते हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement