scorecardresearch
 

ट्रंप सरकार में एक और इस्तीफा, लोरी चावेज डिरेमर ने विवादों के बीच छोड़ा पद

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की कैबिनेट से श्रम मंत्री लोरी चावेज-डिरेमर की छुट्टी हो गई है। सोमवार को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे निजी क्षेत्र में करियर बताया जा रहा है, लेकिन हकीकत में वे गंभीर आरोपों से घिरी हुई थीं. चौंकाने वाली बात यह है कि उनके पति और पिता भी महिला स्टाफ को आपत्तिजनक मैसेज भेजते थे और उन पर छेड़छाड़ के आरोप भी लगे हैं. फिलहाल कीथ सोंडरलिंग को कार्यवाहक मंत्री बनाया गया है.

Advertisement
X
ट्रंप की लेबर सेक्रेटरी लोरी चावेज ने छोड़ा पद (Photo:AP)
ट्रंप की लेबर सेक्रेटरी लोरी चावेज ने छोड़ा पद (Photo:AP)

अमेरिकी श्रम मंत्री लोरी चावेज-डिरेमर ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. व्हाइट हाउस ने उनके पद छोड़ने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि वह अब प्रशासन का हिस्सा नहीं रहेंगी. लोरी का यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब उन पर अपनी ही महिला कर्मचारियों के साथ बदसलूकी करने और पद का गलत इस्तेमाल करने के बेहद गंभीर आरोप लगे हैं.

व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चेंग ने इस बदलाव की जानकारी देते हुए कहा कि लोरी अब प्राइवेट सेक्टर में काम करेंगी. हालांकि, पर्दे के पीछे की कहानी कुछ और ही इशारा कर रही है. न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में ट्रंप कैबिनेट से कई महिला मंत्रियों की छुट्टी हुई है, जिसमें क्रिस्टी नोएम और पाम बोंडी का नाम भी शामिल है. लेकिन लोरी चावेज का मामला इन सबसे अलग है, क्योंकि उनके खिलाफ विभाग के अंदर ही विद्रोह की स्थिति बनी हुई थी.

जांच में यह बात सामने आई है कि लोरी चावेज ने न केवल खुद कर्मचारियों को परेशान किया, बल्कि उनके परिवार के सदस्य भी इसमें शामिल थे. न्यूयॉर्क टाइम्स  की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लोरी और उनके सहयोगियों ने युवा महिला कर्मचारियों को मैसेज भेजकर सरकारी दौरों के दौरान उनके लिए शराब लाने के निर्देश दिए थे. जब यह बातें बाहर आईं, तो विभाग के भीतर कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई.

Advertisement

परिवार की दखलअंदाजी और यौन उत्पीड़न के आरोपों ने बढ़ाई मुश्किलें

जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं. पता चला है कि लोरी के पति शॉन डिरेमर और उनके पिता रिचर्ड चावेज भी ऑफिस की महिला कर्मचारियों को निजी मैसेज भेजते थे. हद तो तब हो गई जब खुद लोरी ने अपनी महिला कर्मचारियों को यह निर्देश दिया कि वे उनके पति और पिता की बातों पर खास ध्यान दें. उनके पिता ने तो एक महिला कर्मचारी को मैसेज भेजकर उसे अकेले में बाहर ले जाने की पेशकश की और इस बात को पूरी तरह गुप्त रखने को कहा था.

बात सिर्फ मैसेज तक ही सीमित नहीं रही. 'MS NOW' की एक रिपोर्ट के अनुसार, दो महिला कर्मचारियों ने लिखित शिकायत दी है कि लोरी के पति शॉन ने ऑफिस में उनके साथ गलत तरीके से शारीरिक छेड़छाड़ की थी. इन हरकतों की वजह से विभाग के भीतर डर और तनाव का माहौल बन गया था. कर्मचारियों ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें एक ऐसे माहौल में काम करने के लिए मजबूर किया गया जो पूरी तरह से असुरक्षित और अपमानजनक था.

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए लोरी की टीम के चार बड़े अधिकारियों को पहले ही बर्खास्त कर दिया गया था. इनमें उनके चीफ ऑफ स्टाफ और एक सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल थे, जिनके साथ मंत्री के निजी संबंधों के आरोप लगे थे. चारों तरफ से घिरने और जांच का दायरा बढ़ने के बाद आखिरकार लोरी को अपनी कुर्सी छोड़नी ही पड़ी. फिलहाल कीथ सोंडरलिंग को कार्यवाहक मंत्री बनाया गया है, लेकिन ट्रंप की टीम में इस खाली जगह को कौन भरेगा, यह अभी तय नहीं हो पाया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement