मिडिल ईस्ट में युद्ध को आज 15 दिन हो चुके हैं, हालात अभी भी शांत होने का नाम नहीं ले रहे हैं. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान तब खत्म होगा जब ट्रंप को लगेगा कि सही समय आ गया है.
ट्रंप ने इस संघर्ष को खत्म करने के लिए किसी निश्चित समयसीमा को बताने से मना कर दिया. यह जंग लगभग दो हफ्ते पहले तब शुरू हुई थी जब अमेरिकी और इजरायली संयुक्त हमलों में ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था.
हालांकि इस बीच ट्रंप ने यह भी कहा कि इस युद्ध को समाप्त होने में अधिक समय नहीं लगेगा.
एक इंटरव्यू में जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि उन्हें कैसे पता चलेगा कि युद्ध कब समाप्त होना चाहिए, तो ट्रंप ने कहा यह फैसला कमांडर-इन-चीफ के रूप में उनके विवेक पर निर्भर करेगा.
यह भी पढ़ें: Ground Report: क्लस्टर बम और मिसाइलों की बौछार! ईरान कर रहा इजरायल पर लगातार वार
अमेरिका के पास गोला-बारूद की कमी नहीं
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने सैन्य अभियान में तय समय से आगे बढ़ रहा है और साथ ही ट्रंप ने इस दावे को खारिज कर दिया कि अमेरिकी सेना के पास गोला-बारूद की कमी हो रही है. ट्रंप ने कहा "हमारे पास जो तकनीक और हथियार हैं, वे किसी और के पास नहीं हैं. हम तय समय से बहुत आगे हैं".
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि अमेरिकी सेना के पास जरूरत पड़ने तक अभियान जारी रखने की क्षमता है. "हमारे पास लगभग असीमित गोला-बारूद है. हम इसका इस्तेमाल कर रहे हैं और लंबे समय तक लड़ सकते हैं.
ट्रंप ने कहा कि वह रक्षा सचिव पीट हेगसेथ, विदेश सचिव मार्को रुबियो, उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और ज्वाइंट चीफ्स चेयर जनरल डैन केन सहित वरिष्ठ सलाहकारों से नियमित रूप से परामर्श कर रहे हैं.
डोनाल्ड ट्रंप बताया कि हमारे पास इस संघर्ष से निपटने के लिए बेहतरीन टीम है. मिडिल ईस्ट में जारी जंग की समय अवधि के लिए ट्रंप प्रशासन ने अलग-अलग संकेत दिए हैं. पहले राष्ट्रपति ने कहा था कि यह अभियान चार से पांच हफ्ते तक चल सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह इससे पहले भी समाप्त हो सकता है.
ईरान में बदलाव आ सकता है
ईरान में बदलाव की संभावनाओं को लेकर ट्रंप का रुख अधिक सतर्क रहा है. ट्रंप ने शक्तिशाली पैरामिलिट्री फोर्स ‘बेसिज’ की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसने देशभर में विरोध प्रदर्शनों को दबाने में अहम भूमिका निभाई है, ट्रंप ने इसे इस्लामी शासन के विरोधियों के लिए एक बड़ी चुनौती बताया.
ट्रंप ने कहा, “मुझे वास्तव में लगता है कि जिन लोगों के पास हथियार नहीं हैं, उनके लिए यह बहुत बड़ी चुनौती है".
ट्रंप ने कहा कि ईरान में बदलाव आ सकता है, लेकिन यह जल्दी नहीं होगा. उनके लोग सड़कों पर मशीनगनों के साथ तैनात हैं और विरोध करने वालों को गोली मार देते हैं.