मेक्सिको में लंबे वक्त से चल रही ड्रग वॉर में कार्टेल लीडर्स की मौतें एक आम बात हो गई हैं. हाल के महीनों में कई हाई-प्रोफाइल ड्रग लॉर्ड्स या तो सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए हैं या अन्य कारणों से उनकी मौत हो गई.
अब मेक्सिकन सुरक्षाबलों ने रविवार 22 फरवरी को जालिस्को के टपालपा में एक सैन्य ऑपरेशन के दौरान जालिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) के सबसे खतरनाक नेता नेमेसियो 'एल मेंचो' ओसेगुएरा सर्वेंट्स को मार गिराया है. इससे पहले दिसंबर 2025 में गल्फ कार्टेल के अनुभवी गुर्गे जेफेरिनो पेना कुएलर को सैंटियागो में एक मुठभेड़ में ढेर किया गया था. वहीं, मेक्सिकन सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाइयों ने कार्टलों के बीच हिंसा को और भड़का दिया है. यहां जानें हालही में मारे गए ड्रग लॉर्ड्स की पूरी टाइमलाइन...
22 फरवरी 2026- नेमेसियो 'एल मेंचो' (CJNG)
मेक्सिको के सबसे खतरनाक और प्रभावशाली ड्रग लॉर्ड्स में से एक, जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के लंबे वक्त से फरार नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वांटेस उर्फ 'एल मेंचो' को मेक्सिकन सुरक्षाबलों ने टापालपा, जलिस्को में एक सैन्य ऑपरेशन में मार गिराया. करीब 60 वर्षीय एल मेंचो ऑपरेशन में घायल हो गया था और उसे मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई. इस सैन्य ऑपरेशन में कई CJNG सदस्य भी मारे गए हैं. एल मेंचो और उसके सदस्यों की मौत के बाद मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क गई है.
बताया जाता है कि CJNG को फेंटेनिल तस्करी का प्रमुख स्रोत माना जाता है और अमेरिका ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 15 मिलियन डॉलर का इनाम रखा था. ये मेक्सिको सरकार की बड़ी सफलता है, लेकिन इससे प्रतिशोधी हिंसा बढ़ गई है.
23 दिसंबर 2025- जेफेरिनो पेना कुएलर (डॉन जेफे)
गल्फ कार्टेल के वेटरन सदस्य और उच्च पदस्थ ऑपरेटिव जेफेरिनो पेना कुएलर उर्फ 'डॉन जेफे' को न्यूवो लियोन के सैंटियागो में मेक्सिकन अधिकारियों के साथ गोलीबारी में मार गिराया गया. वह पहले भी कार्टेल गतिविधियों में शामिल था और विदेश में रहने के बाद फिर से कार्टेल ऑपरेशंस की गतिविधियों में शामिल था. उसकी मौत गल्फ कार्टेल के लिए बड़ा झटका है जो तमाउलिपास आधारित संगठन है.
13 मार्च 2025- मारियो आर्मांडो रामिरेज ट्रेविनो (एल पेलॉन/ X-20)
गल्फ कार्टेल के नेता और वरिष्ठ सदस्य मारियो आर्मांडो रामिरेज ट्रेविनो उर्फ 'एल पेलॉन' या 'X-20' की अमेरिकी हिरासत में मौत हो गई. हालांकि, ये गोलीबारी में नहीं हुई, लेकिन दशकों से संगठित अपराध में शामिल इस बॉस की मौत ने कार्टेल को कमजोर कर दिया.
23 मई 2025- जॉर्ज हम्बर्टो फिगुएरोआ बेनिटेज (एल पेरिस/ एल 27)
सिनालोआ कार्टेल के चैपिटोस गुट का कमांडर जॉर्ज हम्बर्टो फिगुएरोआ बेनिटेज उर्फ 'एल पेरिस' या 'एल 27' को 2025 में कार्टेल के क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान मार गया था. वह लॉस निनिस (चैपिटोस का सशस्त्र विंग) का कमांडर था. अमेरिका ने उस पर एक मिलियन डॉलर का इनाम रखा था, क्योंकि वह फेंटेनिल तस्करी, मशीन गन रखने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे अपराधों में शामिल था. उसकी मौत सिनालोआ कार्टेल के आंतरिक संघर्ष का हिस्सा थी.
मेक्सिको में लंबे वक्त से चल रहा ड्रग वॉर अब एक निर्णायक अंतिम मोड़ पर है. इस ड्रग वॉर में CJNG, सिनालोआ कार्टेल, गल्फ कार्टेल जैसे कई खतरनाक संगठन शामिल हैं. ये कार्टेल अपने वर्चस्व के लिए ड्रग तस्करी, जबरन वसूली, अपहरण और अन्य अपराधों को अंजाम देते हैं. हालांकि, मेक्सिकन और अमेरिकी अधिकारियों की कोशिशों से लीडरशिप का खात्मा किया जा रहा है, लेकिन ड्रग माफिया पर कार्रवाई से कई इलाकों में हिंसा भड़क जाती है. बताया जा रहा है कि मेक्सिकन सुरक्षाबलों ने इन गिरोहों के संचालन को पूरी तरह से खत्म करने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है.