scorecardresearch
 

'हम ना होते तो अमेरिकन फ्रेंच बोल रहे होते...', ट्रंप के मुंह पर किंग चार्ल्स का ऐसा जवाब

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि यदि द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका का हस्तक्षेप न होता तो यूरोपीय जर्मन और थोड़ी जापानी बोल रहे होते. किंग चार्ल्स का बयान इसी संदर्भ में पलटवार माना जा रहा है.

Advertisement
X
व्हाइट हाउस में डिनर के दौरान किंग चार्ल्स-III और डोनाल्ड ट्रंप (Photo: AP)
व्हाइट हाउस में डिनर के दौरान किंग चार्ल्स-III और डोनाल्ड ट्रंप (Photo: AP)

मौका था व्हाइट हाउस में डिनर का और आमने-सामने थे यूनाइटेड किंगडम के किंग चार्ल्स-III और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. साथ में दोनों देशों की नामचीन हस्तियां भी थीं. इस दौरान किंग चार्ल्स तृतीय ने हल्के-फुल्के लेकिन तीखे अंदाज में इतिहास का जिक्र करते हुए ट्रंप से कहा कि यदि नॉर्थ अमेरिका में अंग्रेजों का हस्तक्षेप न होता, तो संभव है कि आज अमेरिकी फ्रेंच बोल रहे होते.

यह बातचीत मंगलवार को ऐसे समय हुई जब दोनों नेताओं ने ब्रिटेन और अमेरिका के बीच विशेष संबंध पर गर्मजोशी दिखाई. इस डिनर में ईरान जंग के तनाव का भी असर दिखा. ऐसे में  ब्रिटिश किंग के तंज में यूरोपीय सहयोगियों पर ट्रंप की हालिया टिप्पणी और ईरान जंग में मदद ना करने को लेकर दिए गए बयान का असर दिखा.

किंग चार्ल्स ने कहा, 'मिस्टर प्रेसिडेंट आपने हाल ही में टिप्पणी की थी कि यदि अमेरिका न होता तो यूरोपीय देश जर्मन बोल रहे होते. क्या मैं कह सकता हूं कि अगर हम न होते, तो आप फ्रेंच बोल रहे होते?' इस पर डिनर में मौजूद लोगों के ठहाके गूंज उठे.

दरअसल किंग चार्ल्स नॉर्थ अमेरिका में ब्रिटेन और फ्रांस के बीच उपनिवेशकालीन जंग की ओर इशारा कर रहे थे. जब आजादी से पहले दोनों शक्तियां महाद्वीप पर प्रभुत्व के लिए संघर्ष कर रही थीं.

Advertisement

इसी साल जनवरी में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक मीटिंग ट्रंप ने कहा था कि यदि द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका का हस्तक्षेप न होता तो यूरोपीय जर्मन और थोड़ी जापानी बोल रहे होते.

इस दौरान किंग चार्ल्स ने खुद पर भी मजाक किए. 1814 में वॉशिंगटन पर कब्जे के दौरान ब्रिटिश सैनिकों द्वारा हाइट हाउस के कुछ हिस्सों को जलाने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भी व्हाइट हाउस के रियल एस्टेट के पुनर्विकास में योगदान दिया था. इस बयान पर  मेहमान हंस पड़े.

अब मौका डोनाल्ड ट्रंप का था और वे भी मजकिया तरीके से पलटवार करने से नहीं चूके. उन्होंने कांग्रेस में किंग चार्ल्स की स्पीच की सराहना करते हुए मजाक में कहा, 'उन्होंने डेमोक्रेट्स को खड़ा कर दिया, मैं कभी ऐसा नहीं कर पाया'.

किंग चार्ल्स ने ब्रिटेन से अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर कहा कि उन्हें गर्व है कि दोनों देशों ने मिलकर मानव इतिहास के सबसे प्रभावशाली गठबंधनों में से एक का निर्माण किया. उन्होंने बार-बार दोनों मुल्कों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वक्त के साथ हमारे रिश्ते मजबूत होते गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement