scorecardresearch
 

भारत में LPG गैस की संकट से अमेरिका के कैलिफोर्निया में बढ़े पेट्रोल के दाम! जानें क्या है कनेक्शन

ईरान युद्ध और होर्मुज संकट का असर अब पूरी दुनिया की ऊर्जा सप्लाई पर दिख रहा है. भारत में LPG की कमी के कारण रिफाइनरियों ने मोटर फ्यूल एडिटिव्स का उत्पादन घटाया है, जिससे कैलिफॉर्निया में पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं. वैश्विक तेल व्यापार बाधित होने से अमेरिका समेत कई देशों में ईंधन बाजार दबाव में है.

Advertisement
X
ईरान युद्ध का असर भारत से अमेरिका तक देखने को मिल रहे हैं (Photo: Reuters)
ईरान युद्ध का असर भारत से अमेरिका तक देखने को मिल रहे हैं (Photo: Reuters)

भारत में लोग खाना पकाने के लिए जो गैस (LPG) इस्तेमाल करते हैं, उसकी सप्लाई कम हो गई है. वजह है ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही जंग. इस जंग की वजह से एक बड़ा समुद्री रास्ता बंद हो गया, जिससे दुनियाभर में तेल और गैस की आपूर्ति गड़बड़ा गई है. 

अब इस गड़बड़ी का असर हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में भी दिख रहा है, जहां पेट्रोल इतना महंगा हो गया है कि लोग 6 डॉलर प्रति गैलन (करीब 500 रुपये प्रति लीटर) चुका रहे हैं. यह सुनने में अजीब लगता है, लेकिन इन दोनों बातों का सीधा कनेक्शन है.

भारत दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है. यहां ज्यादातर घरों में खाना पकाने के लिए LPG यानी रसोई गैस इस्तेमाल होती है. इस गैस का 90 फीसदी से भी ज्यादा हिस्सा भारत मिडिल ईस्ट (खाड़ी के देशों) से मंगाता था, और वो सब इसी होर्मुज रास्ते से आता था.

जब रास्ता बंद हुआ तो भारत के सामने बड़ी मुसीबत आ गई. लोगों को खाना पकाने के लिए गैस चाहिए थी, लेकिन बाहर से मंगाना मुश्किल हो गया. तो भारत सरकार ने देश की तेल कंपनियों को कहा कि वो अपने रिफाइनरियों में ज्यादा से ज्यादा LPG बनाएं.

Advertisement

तेल कंपनियों ने क्या किया?

तेल कंपनियों ने LPG ज्यादा बनाने के लिए एक जरूरी काम छोड़ दिया. दरअसल, LPG का इस्तेमाल एक और चीज बनाने में भी होता है जिसे 'एल्काइलेट' कहते हैं. यह एक खास तरह का केमिकल है जो पेट्रोल में मिलाया जाता है. इसे पेट्रोल का 'एडिटिव' या मिलावट वाला हिस्सा समझें जो उसे साफ और बेहतर बनाता है.

चूंकि LPG खाना पकाने में लग गया, एल्काइलेट कम बनने लगा. और भारत इस एल्काइलेट को बाहर दूसरे देशों को भी भेजता था, वो भी कम हो गया.

कैलिफोर्निया से क्या संबंध?

यहां असली पेच है. कैलिफोर्निया अमेरिका का एक खास राज्य है. वहां प्रदूषण कम करने के लिए एक खास किस्म का पेट्रोल चाहिए होता है. यह पेट्रोल सामान्य पेट्रोल से अलग होता है और इसे बनाने के लिए एल्काइलेट की बहुत जरूरत होती है, क्योंकि यह जलने पर कम धुआं छोड़ता है.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने सऊदी अरब भेजे फाइटर जेट्स और 8000 सैनिक, US-ईरान तनाव के बीच खुलासा

कैलिफोर्निया की यह मुश्किल दो तरफ से आई. पहहली मुश्किल यह कि एशिया के देश (जैसे जापान, दक्षिण कोरिया) कैलिफोर्निया को तेल रिफाइन करके पेट्रोल भेजते थे. लेकिन अब उन्हें भी मिडिल ईस्ट से कच्चा तेल नहीं मिल रहा, तो उनका उत्पादन घट गया और कैलिफोर्निया को पेट्रोल कम मिलने लगा.

Advertisement

दूसरी मुश्किल ये है कि एल्काइलेट भी नहीं मिल रहा, क्योंकि भारत उसे खुद इस्तेमाल कर रहा है या कम बना रहा है. तो एक तरफ पेट्रोल कम, दूसरी तरफ पेट्रोल बनाने का जरूरी मसाला (एल्काइलेट) भी कम. नतीजा हुआ कि कैलिफोर्निया में पेट्रोल की भारी कमी और आसमान छूते दाम.

अमेरिकन पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट के मुख्य अर्थशास्त्री मेसन हैमिल्टन ने इसे साफ शब्दों में कहा है कि भारत में LPG की सप्लाई की तंगी की वजह से वहां की रिफाइनरियां कम एल्काइलेट बना और निर्यात कर पा रही हैं, जिससे पहले से ही कड़े कैलिफोर्निया के पेट्रोल बाजार पर और दबाव बढ़ रहा है.

इनपुट: रॉयटर्स

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Advertisement