हिज़्बुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने इजरायल के साथ चल रहे युद्धविराम पर अपनी शर्तें तय कर दी हैं. उन्होंने कहा कि संघर्षविराम तभी कायम रह सकता है जब दोनों पक्ष इसका पालन करें. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार के उल्लंघन का जवाब दिया जाएगा.
अल जजीरा की एक रिपोर्ट के अनुसार, हिज़्बुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने शांति बहाल करने के लिए कई जरूरी कदम बताए हैं. उन्होंने कहा कि इजरायल के साथ चल रहा 10 दिन का युद्धविराम तब तक जारी नहीं रह सकता, जब तक दोनों पक्ष इसका पूरी तरह सम्मान न करें.
कासिम ने स्पष्ट किया है कि इसके लिए लेबनान के खिलाफ हवाई, जमीनी और समुद्री आक्रामक कार्रवाइयों को पूरी तरह रोकना होगा.
कासिम ने लेबनान की जमीन से इजरायली सेना की पूरी वापसी की भी मांग की. उन्होंने कहा कि इसके बाद अगला कदम कैदियों की रिहाई और सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की अपने घरों में वापसी होगा. नईम कासिम के मुताबिक, अंतिम चरण में अरब देशों के सहयोग से बड़े स्तर पर पुनर्निर्माण का काम किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: ईरान का यू-टर्न: स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज फिर किया बंद, ट्रंप के बयान के बाद बढ़ा तनाव
दुश्मन पर भरोसा नहीं: नईम कासिम
नईम कासिम ने साफ कर दिया है कि युद्धविराम तभी टिकेगा जब दोनों पक्ष इसका पालन करें. उन्होंने कहा, “सीजफायर का मतलब सभी तरह की लड़ाई पूरी तरह बंद होना है.” साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि लेबनान में इजरायल की किसी भी कार्रवाई का उनके लड़ाकों द्वारा जवाब दिया जाएगा.
उन्होंने कहा, “क्योंकि हमें इस दुश्मन पर भरोसा नहीं है, इसलिए हमारे लड़ाके मैदान में डटे रहेंगे और किसी भी उल्लंघन का जवाब देंगे.” कासिम ने जोर देकर कहा, “सीजफायर सिर्फ एक तरफ से नहीं हो सकता, यह दोनों पक्षों की ओर से होना चाहिए.