scorecardresearch
 

पाक‍िस्‍तान में ग‍िरा 'फ्यूल बम'... पेट्रोल 458 और डीजल 520 रुपये लीटर

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का सीधा असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का दबाव और बढ़ गया है. मोटरसाइकिल चालकों के लिए सीमित राहत का ऐलान किया गया है.

Advertisement
X
पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमश: 137 और 184 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया. (Photo: Reuters)
पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमश: 137 और 184 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया. (Photo: Reuters)

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर अब पाकिस्तान की आम जनता पर साफ दिखने लगा है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी करते हुए लोगों पर महंगाई का बड़ा बोझ डाल दिया है. हालांकि मोटरसाइकिल चालकों को सीमित राहत देने की घोषणा की गई है, लेकिन ईंधन महंगा होने से रोजमर्रा के जरूरत की चीजों की लागत और बढ़ने की पूरी संभावना है.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पेट्रोल की कीमतों में 137.24 रुपये और डीजल की कीमतों 184.49 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. पाकिस्तान में अब एक लीटर पेट्रोल 321.17 से बढ़कर 458.41 रुपये और हाई-स्पीड डीजल 335.86 से बढ़कर 520.35 रुपये प्रति लीटर हो गया है. नई कीमतें 3 अप्रैल से लागू हो गईं. इससे पहले 6 मार्च को पाकिस्तान में पेट्रोल 48.07 रुपये प्रति लीटर और डीजल 61.78 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था.

भारत के मुकाबले PAK में तेल कितना महंगा?

मौजूदा करेंसी एक्सचेंज रेट के हिसाब से पाकिस्तान का 1 रुपया भारत के 0.33 पैसे के बराबर है. इस हिसाब से पाकिस्तान में पेट्रोल की नई कीमत भारतीय रुपये में करीब 152.60 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 173.23 रुपये है. दिल्ली में नॉर्मल पेट्रोल की कीमत फिलहाल 94.77 रुपये प्रति लीटर है. यानी पाकिस्तान में पेट्रोल भारत से 57.83 रुपये प्रति लीटर महंगा है. वहीं, दिल्ली में नॉर्मल डीजल की कीमत फिलहाल 87.67 रुपये प्रति लीटर है, इस हिसाब से पाकिस्तान में डीजल भारत के मुकाबले 85.56 रुपये प्रति लीटर महंगा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में किसने गैस पाइपलाइन को बना दिया 'वेपन', LPG क्राइसिस के बीच नई तरह की साजिश

वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा कि मोटरसाइकिल इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को प्रति लीटर 100 रुपये कम दर पर अधिकतम 20 लीटर तक सब्सिडी वाला पेट्रोल दिया जाएगा. यह बढ़ोतरी वैश्विक तेल कीमतों में तेज उछाल के बीच हुई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 109.12 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 12.5% बढ़कर 112.60 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जो 9 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है.

इससे पहले 27 मार्च को राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि उन्होंने पेट्रोल की कीमत में 95 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 203 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है. उन्होंने कहा था कि सरकार यह बोझ जनता पर नहीं डालेगी और लगभग 56 अरब रुपये का अतिरिक्त खर्च खुद वहन करेगी. उनके इस वादे के एक सप्ताह बाद ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी इजाफा हो गया है. पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने इस बढ़ोतरी का कारण मिडिल ईस्ट में जारी अस्थिरता को बताया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement