अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में सोमवार को एक शक्तिशाली विंटर स्टॉर्म (शीतकालीन तूफान) ने भारी तबाही मचाई. भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गईं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट ठप पड़ गया और लाखों लोग घरों में फंसे रहे. आमतौर पर भीड़ से भरी रहने वाली सड़कें सूनी रहीं, हवाई अड्डे खाली दिखे और स्कूलों को बंद करना पड़ा. हवाई यात्रा पर इस तूफान का सबसे ज्यादा असर पड़ा.
फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस FlightAware के मुताबिक 21 से 24 फरवरी के बीच 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं. अकेले सोमवार को 5,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि मंगलवार के लिए भी 1,300 से अधिक उड़ानें पहले ही निरस्त कर दी गईं. जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लागार्डिया एयरपोर्ट, बोस्टन लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट और न्यूयार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट सबसे अधिक प्रभावित रहे. रेल और बस सेवाएं भी कई राज्यों में निलंबित कर दी गईं.
न्यूयॉर्क में 15 इंच बर्फबारी
न्यूयॉर्क सिटी में प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी. जबकि न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और रोड आइलैंड के कुछ हिस्सों में भी ऐसे ही आदेश जारी हुए. न्यूयॉर्क के मयर जोहरान ममदानी ने एक संदेश में कहा, 'मैं हर न्यूयॉर्कवासी से घर में रहने की अपील करता हूं.' सेंट्रल पार्क में सोमवार सुबह तक 15 इंच से अधिक बर्फ दर्ज की गई. लॉन्ग आइलैंड और न्यू जर्सी में कई इलाकों में दो फीट के करीब हिमपात हुआ.
यह भी पढ़ें: 'टैरिफ पर पुराना समझौता ही होगा मान्य', सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद EU का अमेरिका को साफ संदेश
फिलाडेल्फिया में करीब एक फुट और बोस्टन में देर शाम तक बर्फ गिरती रही. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 35 मील प्रति घंटे की गति से ज्यादा तेज हवाओं और 40–60 मील प्रति घंटे तक के झोंकों के साथ इस तूफान को ब्लिजार्ड की कैटेगरी में रखा गया. नैंटकेट जैसे तटीय इलाकों में 60 मील प्रति घंटे से ऊपर के झोंके दर्ज हुए. नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी दी कि इंटरस्टेट 95 कॉरिडोर के कई हिस्सों में दृश्यता बेहद कम रहेगी.
बड़े पैमाने पर बिजली गुल
तूफान से पूर्वी तट पर 5.7 लाख से ज्यादा घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई. मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. डेलावेयर और रोड आइलैंड में भी तूफान का व्यापक असर पड़ा. राज्यों ने इमरजेंसी रिस्पॉन्स को अलर्ट पर रखा. न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने प्रभावित इलाकों में मदद के लिए नेशनल गार्ड तैनात किए. मैसाचुसेट्स में इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी और सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया. तूफान के तेज होने पर न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय भी दिनभर के लिए बंद रहा.