पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बनने के बाद शनिवार को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP नेतृत्व और NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे.
इस मौके पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मां गायत्री अधिकारी ने बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वह खुद बहुत खुश हैं, लेकिन बंगाल की जनता उनसे भी ज्यादा खुश है.
गायत्री अधिकारी ने कहा कि उनके बेटे ने पिछले पांच सालों में लगातार संघर्ष किया और TMC सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी. उन्होंने बताया कि विपक्ष के नेता रहते हुए शुभेंदु पर कई बार जानलेवा हमले भी हुए थे.
उनके मुताबिक तीन से चार बार ऐसी स्थिति बनी जब उनके बेटे की जान को खतरा था. उन्होंने कहा कि शुभेंदु ने यह लड़ने की ताकत अपने पिता शिशिर अधिकारी से सीखी है.
शिशिर अधिकारी पहले TMC के बड़े नेता और कांथी लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं. बाद में 2021 विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारी परिवार BJP में शामिल हो गया था.
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेते ही ममता बनर्जी ने बदला सोशल मीडिया प्रोफाइल, पर नहीं लिखा 'पूर्व CM'
गायत्री अधिकारी ने कहा कि अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके बेटे की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बंगाल के लोगों के लिए काम करना है. उन्होंने खास तौर पर आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और हत्या मामले का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि इस मामले में पीड़िता को सच्चा न्याय मिले.
इसके अलावा उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और गरीब वर्ग के हितों को भी सरकार की प्राथमिकता बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों ने BJP पर भरोसा जताया है और अब सरकार को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा.
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान BJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया. BJP ने इसे बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव बताया है.