यूपी के गोरखपुर में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक सवारों को रौंद दिया. इस भीषण हादसे में BRD मेडिकल कॉलेज से MBBS कर रहे थर्ड ईयर के छात्र आकाश पांडेय की मौत हो गई. जबकि, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने इस मामले में गोल्डन साहनी नाम के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया है. उसके वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है. इस बीच गोल्डेन का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह फुल 'भौकाल' से जेब में हाथ डालकर पुलिसवालों के साथ कस्टडी में खड़ा नजर आ रहा है. उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं नजर आ रही है. उधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार में मातम पसरा हुआ है.
आपको बता दें कि पूरा मामला गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहद्दीपुर ओवर ब्रिज का है जहां तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर सवार ने रॉन्ग साइड आकर स्कूटी सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई. मृतक की पहचान MBBS थर्ड ईयर छात्र 22 वर्षीय आकाश पांडेय के तौर पर हुई है. वह संत कबीर नगर का रहने वाला था.
बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद स्कूटी सवार आकाश छटक कर ओवरब्रिज की रेलिंग में फंस गया. तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन आकाश को नहीं बचाया जा सका. जैसे ही ये खबर घर पहुंची परिवार में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस का एक्शन और आरोपी का बैकग्राउंड
पुलिस के मुताबिक, शाहपुर में रात 9:30 बजे एक कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें BRD मेडिकल कॉलेज के MBBS तृतीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई. एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी गोल्डन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, आरोपी गोल्डन साहनी यूपी के एक मंत्री का करीबी है. गोल्डन गोरखपुर में प्रॉपर्टी का काम करता हैं. अबकी बार ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हाथ आजमाने जा रहा था. उसके बैनर/पोस्टर कई जगहों पर लगे पाए गए. स्थानीय नेताओं/विधायक संग उसकी फोटोज हो वायरल हो रही हैं. फिलहाल, सबकी नजरें पुलिस पर टिकी हैं कि वह उसपर किस तरह का एक्शन लेती है.