उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है. भर्ती बोर्ड की शिकायत पर लखनऊ के हुसैनगंज थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप है कि कुछ टेलीग्राम चैनल यूपी एसआई परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं.
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार यूपी एसआई एग्जाम पेपर लीक नाम से चल रहे एक टेलीग्राम चैनल पर 25 हजार रुपये लेकर परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का लालच दिया जा रहा था. इस चैनल के जरिए अभ्यर्थियों को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की जा रही थी कि उनके पास परीक्षा का असली प्रश्नपत्र मौजूद है.
इस मामले में भर्ती बोर्ड की ओर से सब-इंस्पेक्टर ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: UP Board exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले पेपर लीक की अफवाह, परिषद ने दी चेतावनी
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी तरह के तीन अन्य टेलीग्राम चैनलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. इनमें UP SI POLICE 2026, Result Panel Pvt TM और UP SI Exam Paper UPSI 2026 नाम के चैनल शामिल हैं. इन चैनलों पर भी परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा करते हुए अभ्यर्थियों से पैसे मांगे जा रहे थे.
टेलीग्राम चैनलों की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि यह पूरा मामला अभ्यर्थियों को ठगने का प्रयास हो सकता है. फिलहाल साइबर टीम और पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इन टेलीग्राम चैनलों के संचालकों की पहचान करने में जुटी हुई है.
अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस तरह के कई फर्जी चैनल सक्रिय रहते हैं, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर अभ्यर्थियों को गुमराह करते हैं. ऐसे मामलों में उम्मीदवारों से पैसे लेकर उन्हें फर्जी या मनगढ़ंत सामग्री भेज दी जाती है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और टेलीग्राम चैनल चलाने वाले आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.