scorecardresearch
 

होली के दिन उन्नाव के अचलगंज में बवाल: नशेड़ी को पकड़ने गई पुलिस पर पथराव, महिलाओं ने बरसाईं ईंटें, वाहन क्षतिग्रस्त

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में नशे में गाली-गलौज कर रहे एक युवक को समझाने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया. इस पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और सरकारी गाड़ी के शीशे टूट गए. स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा.

Advertisement
X
अचलगंज में होली पर बवाल (Photo- Screengrab)
अचलगंज में होली पर बवाल (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र स्थित हड़हा कस्बे में बुधवार शाम पुलिस टीम पर पथराव की घटना हुई. अचलगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकित नामक युवक नशे की हालत में लोगों को गालियां दे रहा है और हंगामा कर रहा है. जब पुलिस उसे शांत करने पहुंची, तो उसकी पुलिसकर्मियों से बहस और धक्का-मुक्की हो गई. देखते ही देखते वहां मौजूद महिलाओं और स्थानीय लोगों की भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. इस हमले में पुलिस वाहन का चालक घायल हो गया और गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति पर नियंत्रण पाया.

नशेबाजी की सूचना और बढ़ता विवाद

पुलिस के अनुसार, अंकित नाम का युवक नशे में धुत होकर सड़क पर उत्पात मचा रहा था. अचलगंज पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस से ही उलझ गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि स्थानीय लोग पुलिस के विरोध में उतर आए. सीओ बीघापुर मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि जब पुलिस ने अंकित को गाड़ी में बैठाने या रोकने की कोशिश की, तभी भीड़ और महिलाओं ने अचानक पथराव शुरू कर दिया.

पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, चालक घायल

हड़हा कस्बे में हुए इस अचानक हमले में पुलिस की सरकारी गाड़ी (कोतवाली जीप) को निशाना बनाया गया. पत्थरों की चोट से गाड़ी का पिछला हिस्सा और विंडशील्ड क्षतिग्रस्त हो गया. इस दौरान गाड़ी चला रहा चालक भी घायल हो गया, जिसे मामूली चोटें आई हैं. सूचना मिलते ही सीओ मधुप नाथ मिश्रा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिगड़ते हालात को संभाला. कुछ स्थानीय सूत्रों का कहना है कि विवाद की शुरुआत जुए की सूचना पर हुई हाथापाई से हुई थी.

Advertisement

वीडियो फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान

फिलहाल क्षेत्र में शांति बहाल कर दी गई है और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति सामान्य है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, घटना के वीडियो फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement