पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के कंकोर गांव में दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक गोदाम में अचानक आग लगने से अंदर सो रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
एजेंसी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय ओमकार के रूप में हुई है. वह गोदाम के अंदर ही सो रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर धुआं भर गया.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. गोदाम का शटर बंद होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाई आई. काफी मशक्कत के बाद टीम ने शटर को खुलवाया और अंदर दाखिल हुई.
यह भी पढ़ें: रामपुर में चलती कार बनी आग का गोला, महिला कॉन्स्टेबल और 2 साल के बेटे की जिंदा जलकर मौत
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत की. आग बुझाने के बाद जब अंदर तलाशी ली गई तो ओमकार का शव बरामद हुआ. आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत आग से ज्यादा धुएं और जहरीली गैसों के कारण दम घुटने से हुई.
थाना जहानाबाद के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इस हादसे में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई.