उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जिस पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की अवैध संबंधों के चलते हत्या हुई थी, उसकी दो बीवियां और 18 बच्चे हैं. मुन्ना ने पहली शादी 16 वर्ष की उम्र में थी और उसकी बीवी का नाम किस्मतुल निशा है. जबकि, 10 वर्ष बाद उसने दूसरी शादी अम्बिया बानो से की. दोनो पत्नियां मुन्ना के साथ ही रहती थीं. उनसे मृतक के कुल 18 बच्चे थे. भरा-पूरा परिवार होने के बावजूद मुन्ना का तीसरी महिला सुमन से संबंध था. इसी चक्कर में उसकी हत्या हुई. उसकी लाश बोरे में भरी मिली थी.
जानकारी के मुताबिक, मुन्ना (50) की पहली पत्नी के 6 लड़के सहित 9 बच्चे थे, जबकि दूसरी पत्नी के भी 9 बच्चे थे. इस तरह उसकी कुल 18 संतानें थीं. मुस्तका गुलशन प्रतापगढ़ जिले के मांधाता थाना मिश्रपुर का रहने वाला था. मृतक 2016 में मिश्रपुर गांव का प्रधान भी रह चुका था. इस बीच उसकी सुमन नाम की महिला से नजदीकी बढ़ गई जो बाद में उसकी मौत का कारण बनी.
जानिए हत्या की पूरी कहानी
मांधाता कोतवाली क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला से मिलने गए पूर्व प्रधान मुन्ना की हत्या कर दी गई. इसके बाद लाश बोरे में भरकर नहर किनारे फेंक दी गई. दरअसल, आरोपी महिला 18 मार्च को अपने मायके आई थी. पूर्व प्रधान उससे मिलने गया था. इसी दौरान विवाद के बाद महिला ने साथियों के साथ मिलकर रॉड से उस पर हमला कर दिया.
उधर, घर नहीं पहुंचने पर पूर्व प्रधान के घरवालों ने पुलिस से शिकायत की तो कॉल डिटेल चेक की गई. फिर पुलिस 21 मार्च को हत्यारोपी महिला तक पहुंच गई. पुलिस की सख्त पूछताछ में उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली. इसके बाद महिला की निशानदेही पर बीते रविवार को पुलिस ने नहर के किनारे बोरे से लाश बरामद कर ली.
फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी सुमन को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. बताया जा रहा है कि मृतक सुमन को मिलने के लिए लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे तंग आकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया गया.