गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में गंगा नहर से एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चितोड़ा रेलवे पुल के पास नहर में एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पुलिस ने बताया कि मृत महिला की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है. शव बिना कपड़ों के मिला है और शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि यह शव ऊपर की तरफ से बहकर यहां तक आया है. सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा के अनुसार, शव सड़ने की शुरुआती अवस्था में है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की मौत करीब 8 से 10 दिन पहले हुई होगी.
नहर में तैरता मिला महिला का शव
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रख दिया है, ताकि उसकी पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि पहचान के लिए कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, महिला के एक हाथ पर Mummy and Papa लिखा हुआ टैटू मिला है, जबकि दूसरे हाथ पर P अक्षर का टैटू बना हुआ है. इन टैटू को पहचान का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मामले की जांच जारी है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों और नजदीकी जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का डेटा खंगाल रही है, ताकि महिला की पहचान हो सके. अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही पहचान होती है, आगे की कार्रवाई की जाएगी.