उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बस स्टैंड पर पति के पकौड़े लेने जाते ही उसकी नवविवाहिता पत्नी अचानक लापता हो गई. घटना के बाद पति ने काफी तलाश की, लेकिन जब पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 9 मार्च की है. अमरोहा जिले के रहने वाले प्रीतम सिंह अपनी पत्नी रिमझिम को होली के बाद उसके मायके से वापस घर लाने गए थे. दोनों की शादी पिछले साल दिसंबर में हुई थी. मायके से लौटते समय दोनों बस से सफर कर रहे थे.
बस स्टैंड पर अगली बस का इंतजार कर रहा था दंपति
यात्रा के दौरान दोनों मुरादाबाद जिले के बिलारी बस स्टैंड पर अगली बस का इंतजार करने के लिए उतरे. इसी दौरान रिमझिम ने अपने पति से कहा कि उसे भूख लगी है और उसने पास की दुकान से गर्म पकौड़े लाने को कहा.
पत्नी की बात सुनकर प्रीतम सिंह पकौड़े लेने के लिए पास की दुकान पर चले गए, लेकिन जब वह कुछ ही मिनट बाद वापस लौटे तो उनकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थी. पहले तो उन्हें लगा कि शायद वह आसपास ही कहीं होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका.
प्रीतम ने बस स्टैंड पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी रिमझिम को वहां से जाते हुए नहीं देखा. इसके बाद प्रीतम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और पत्नी के लापता होने की जानकारी दी.
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और महिला की तलाश शुरू कर दी है. बिलारी क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला के लापता होने की सूचना पर केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस आसपास के इलाकों में तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि महिला के बारे में कोई सुराग मिल सके. फिलहाल महिला का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है. इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.