लखनऊ के गोमती नगर थाने में कथित लव जिहाद, देह व्यापार और सामूहिक दुष्कर्म से जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर कई पीड़ित युवतियां पहुंचीं. पीड़िताओं का आरोप है कि वो पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है. इसे लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी गई.
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और कई अधिवक्ता गोमती नगर थाने पहुंचे. संगठनों ने आरोप लगाया कि पीड़िताओं की सुनवाई नहीं हो रही है और पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है.
गोमती नगर थाने पहुंचीं कई पीड़ित युवतियां
पीड़ित युवतियों का आरोप है कि अमेठी, बाराबंकी और दिल्ली से लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाया गया. इसके बाद उन्हें ब्लैकमेल कर देह व्यापार में धकेला गया और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पीड़िताओं का दावा है कि नशे की हालत में उनके अश्लील वीडियो बनाए गए और धमकाकर चुप कराया गया.
एनजीओ संचालिका तृषा तुफैल ने दावा किया कि अब तक 17 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है. उन्होंने कहा कि पीड़िताओं की संख्या 100 से ज्यादा हो सकती है, जिन्हें एक गैंग द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है. कई लड़कियों की गुमशुदगी अन्य जिलों में दर्ज होने का भी दावा किया गया है.
शिकायत दर्ज न होने पर हिंदू संगठनों में नाराजगी
इस मामले में अमेठी की रहने वाली एक पीड़िता की एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप है कि गोमती नगर में ब्राउन कैफे चलाने वाले राहुल उर्फ कमरु जमाल और कमर हायत इदरीस ने पीड़िता को राहुल नाम बताकर शारीरिक शोषण किया और ब्लैकमेल किया. पीड़िता का कहना है कि आधार कार्ड देखने पर आरोपी की सही पहचान सामने आई.
हालांकि दिल्ली की रहने वाली दूसरी पीड़िता की एफआईआर दर्ज न होने से थाने में देर शाम तक हंगामा होता रहा. पीड़िता ने मीडिया को बताया कि वह नौकरी की तलाश में ऑनलाइन संपर्क में आई थी. आरोपी दिल्ली पहुंचकर उसे अपने साथ ले गए, फिर अजमेर और उसके बाद लखनऊ लाए.
बहला-फुसलाकर लाने और ब्लैकमेल करने का दावा
पीड़िता का आरोप है कि उसे स्पा में रखा गया, जहां उसका गैंगरेप हुआ और न्यूड वीडियो बनाकर धमकाया गया. पीड़िता ने बताया कि वह जब दिल्ली से आई थी तब 13 साल की थी और अब 18 साल की हो चुकी है. पीड़िताओं और हिंदू संगठनों ने दावा किया कि आरोपियों के तार बलरामपुर के धर्मांतरण आरोपी छगूर बाबा से जुड़े हैं. उनका फोटो भी कथित रूप से कैफे में लगा हुआ है.
अमेठी की पीड़िता की एफआईआर दर्ज
हंगामे के बीच देर रात पीड़िता पुलिस के साथ ब्राउन कैफे पहुंची. वहां हिंदू संगठन और अधिवक्ताओं ने गुस्से में ताला तोड़ दिया. अंदर शराब की बोतलें, टूटे हुए हुक्के और अन्य सामान मिला. पुलिस ने जांच के लिए जरूरी दस्तावेज जब्त किए हैं. पीड़िताओं ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.