उत्तर प्रदेश के लखनऊ में निगोहा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार यह घटना निगोहा थाना क्षेत्र के शेखनखेड़ा गांव की है. बताया जा रहा है कि आरोपी पति नशे का आदी है और अक्सर घरेलू विवाद करता था. रविवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति वहां से फरार हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एडीसीपी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सर्विलांस की कई टीमें लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.