ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे चलती रोडवेज के एक बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया. चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और खुद बस से बाहर निकल गया.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा होने से टल गया.
यह भी पढ़ें: Video: ग्रेटर नोएडा में 'Thar' का तांडव! डीजल भराकर भागा, पीछा करने पर मारी टक्कर, 10KM तक बाइक घसीटी
परी चौक की ओर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज बस परी चौक की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक बस के इंजन के पास से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया. देखते ही देखते धुआं बढ़ने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं.
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना घबराए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया. चालक ने तुरंत बस से बाहर निकलकर स्थिति को संभाला. राहत की बात यह रही कि जिस समय बस में आग लगी, उस वक्त बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था.
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
कुछ ही मिनटों में आग ने बस के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी. दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया.
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया.