बिजनौर जिले में इन दिनों एक कांवड़ यात्रा खास चर्चा में है. हरिद्वार से अपने जनपद संभल के लिए बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर निकली तमन्ना मलिक लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई हैं. जहां-जहां से तमन्ना गुजर रही हैं, वहां लोग उन्हें देखने के लिए जुट रहे हैं. कई हिंदू संगठनों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया है.
तमन्ना की इस यात्रा को देखते हुए पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है. जगह-जगह पुलिस सुरक्षा दी जा रही है. हिंदू संगठनों के लोग भी उनके साथ चल रहे हैं ताकि रास्ते में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो.
यह भी पढ़ें: एक पत्नी पर दो पतियों का दावा, चौराहे पर दोनों भिड़े… बिजनौर में सामने आई अजीबोगरीब कहानी
संभल से हरिद्वार और फिर वापसी की यात्रा
तमन्ना मलिक जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बस्सी की रहने वाली हैं. वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही हैं. बुर्के में कांवड़ लेकर कांवड़ियों के समूह के साथ चलती तमन्ना को देखकर लोग हैरान रह गए. जैसे ही यह बात आसपास के लोगों और हिंदू संगठनों को पता चली, उन्होंने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया.
जब तमन्ना बिजनौर के नूरपुर, फीना और रतनगढ़ कस्बों में पहुंचीं तो वहां भी उनका जोरदार स्वागत हुआ. नूरपुर में महिलाओं ने उन्हें एक मंदिर में कुछ देर आराम करने के लिए रोका. वहां भी फूल बरसाए गए, मालाएं पहनाई गईं और लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली.
सुरक्षा के बीच आगे बढ़ रही यात्रा
तमन्ना के साथ किसी तरह की अभद्रता न हो, इसके लिए हिंदू संगठनों के लोग काफी दूर तक उनके साथ चलते रहे. पुलिस के जवान भी पूरे कांवड़ ग्रुप को अपने-अपने क्षेत्र से सुरक्षित आगे रवाना करते रहे.
देखें वीडियो...
तमन्ना के साथ संभल जनपद के 100 से ज्यादा शिव भक्त कांवड़ लेकर चल रहे हैं. तमन्ना भी उनके साथ “बोल भोले” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रही हैं. जिस रास्ते से वह गुजरती हैं, वहां लोगों की भीड़ जुट जाती है.
पति और परिवार की सहमति से लिया फैसला
तमन्ना ने बताया कि उनकी अंदर से इच्छा थी कि जैसे बाकी लोग कांवड़ ला रहे हैं, वैसे ही वह भी कांवड़ लाकर भगवान शिव को जल चढ़ाएं. उन्होंने कहा कि वह मुस्लिम समाज से आती हैं, लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने गांव के पास रहने वाले अमन त्यागी से विवाह किया था और अब अपने पति के साथ रहती हैं.
तमन्ना के अनुसार, उन्होंने यह फैसला अपने पति और ससुराल वालों की सहमति से लिया. अब वह संभल पहुंचकर शिवरात्रि के दिन भगवान शिव के मंदिर में जल चढ़ाकर अपनी आस्था व्यक्त करेंगी. उनके पति अमन त्यागी भी इस पूरी यात्रा में उनके साथ चल रहे हैं.