scorecardresearch
 

BHU में हॉस्टल के बाहर छात्र पर फायरिंग, सुरक्षा को लेकर छात्रों का भारी हंगामा और धरना

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हॉस्टल के बाहर बीए तृतीय वर्ष के छात्र पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की. छात्र बाल-बाल बच गया, लेकिन घटना से परिसर में दहशत फैल गई. छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग की.

Advertisement
X
बीएचयू हॉस्टल में छात्र पर फायरिंग.. (photo: ITG)
बीएचयू हॉस्टल में छात्र पर फायरिंग.. (photo: ITG)

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में हॉस्टल के बाहर खड़े एक छात्र पर अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग करने की घटना सामने आई है. घटना में छात्र बाल-बाल बच गया, लेकिन परिसर में दहशत का माहौल बन गया. फायरिंग की घटना के बाद से विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. वहीं, काशी क्षेत्र के एडीसीपी वैभव बांगड़ और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित छात्र के अनुसार, वह अपने हॉस्टल के बाहर खड़ा था, तभी एक बाइक पर सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे. हमलावरों ने अचानक छात्र को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी.गनीमत रही कि छात्र सुरक्षित है.

छात्रों के अनुसार, हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके पर मौजूद छात्रों ने तुरंत घटनास्थल से खाली खोखे (कारतूस के खोल) बरामद किए और उन्हें पुलिस को सौंप दिया.

चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग

इस घटना के बाद हॉस्टल के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में छात्र धरने पर बैठ गए और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. छात्रों का आरोप है कि परिसर में बाहरी तत्वों का हस्तक्षेप बढ़ गया है, जिससे उनकी जान को खतरा है. आक्रोशित छात्रों ने साफ तौर पर चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग की है. छात्रों का कहना है कि जब तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं होते और प्रॉक्टर पद नहीं छोड़ते, वे अपना विरोध जारी रखेंगे.

Advertisement

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

काशी के एडीसीपी, वैभव बांगड़ ने बताया कि करीब साढे़ नौ बजे सूचना मिली कि यहां पर फायरिंग हुई है. थाने की फोर्स, एसीपी और मैं स्वयं यहां मौके पर आए. हमने मौके का मुआयना कर लिया है. छात्रों ने अपनी तहरीर भी दे दी है. उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने आगे कहा कि छात्रों का कहना था कि एक छात्र हॉस्टल के बाहर खड़ा था. तभी एक बाइक पर कुछ लोग आए और उन्होंने फायरिंग कर दी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement