सोशल मीडिया पर आए दिन कई हैरान कर देने वाले वीडियो वायरल होते रहते हैं. इनमें कुछ वीडियो लोगों को हंसाते हैं, तो कुछ ऐसे होते हैं जो एक बड़ी सीख देकर जाते हैं. इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और नाराज भी. वीडियो में एक युवक की लापरवाही उस पर इतनी भारी पड़ती है कि कुछ ही सेकंड में वह सड़क पर दूर जाकर गिर जाता है. अक्सर लोग वीडियो बनाने, गुस्से में आकर कोई कदम उठाने या फिर दूसरों को प्रभावित करने के लिए सड़क पर खतरनाक हरकतें कर बैठते हैं. लेकिन ऐसी गलतियां कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकती हैं. वायरल हो रहा यह वीडियो भी इसी बात की चेतावनी देता है.
क्यों वायरल हो रहा ये वीडियो?
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक व्यस्त सड़क दिख रहा है. सड़क पर कई वाहन दिखाई दे रहे हैं और ट्रैफिक भी सामान्य रूप से चल रहा होता है. तभी एक बाइक पर सवार दो युवक नजर आते हैं. अचानक उनमें से एक युवक बाइक से उतर जाता है और तेजी से सड़क की दूसरी ओर बढ़ने लगता है. उसका दोस्त भी उसके पीछे-पीछे जाता दिखाई देता है. ऐसा लगता है कि वह उसे रोकने या समझाने की कोशिश कर रहा है. लेकिन तभी वह युवक अचानक सड़क के बीचों-बीच जाकर खड़ा हो जाता है. सामने से एक बस तेज रफ्तार में आ रही होती है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बस को रोकने की कोशिश करता है, लेकिन बस इतनी करीब आ चुकी होती है कि चालक उसे बचा नहीं पाता. अगले ही पल बस युवक को जोरदार टक्कर मार देती है. टक्कर लगते ही युवक सड़क पर दूर जा गिरता है. यह दृश्य इतना अचानक होता है कि देखने वाले भी दंग रह जाते हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो को @PradeepMaikhur3 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है- इसे ही मौत को गले लगाना कहते हैं. युवक अचानक बाइक से उतरा और किसी कारण से व्यस्त सड़क पर चला गया. यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच चुका है. इसे लाखों बार देखा जा चुका है और बड़ी संख्या में लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
लोगों ने दिए अलग-अलग रिएक्शन
वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि युवक शायद किसी दूसरे व्यक्ति को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन खुद हादसे का शिकार हो गया. वहीं कई लोगों ने उसकी इस हरकत को बेहद लापरवाही भरा बताया. एक यूजर ने लिखा- सड़क पर इस तरह की हरकत करना बहुत खतरनाक है. दूसरे यूजर ने कहा- ऐसी गलती किसी की जान भी ले सकती है. वहीं कुछ लोगों ने युवक को दुनिया के सबसे लापरवाह लोगों में से एक तक बता दिया.
सड़क पर कभी न करें ऐसी गलती
यह वीडियो सभी के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी देता है. चाहे किसी बात का गुस्सा हो, जल्दबाजी हो या फिर वीडियो बनाने का शौक, सड़क पर कभी भी अपनी और दूसरों की जान खतरे में नहीं डालनी चाहिए. ट्रैफिक नियमों का पालन करना और सड़क पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. एक छोटी सी लापरवाही कुछ ही सेकंड में बड़े हादसे का कारण बन सकती है. यही वजह है कि विशेषज्ञ हमेशा सड़क पर सतर्क रहने और किसी भी तरह का जोखिम न लेने की सलाह देते हैं.