अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के कारण मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है. इस संघर्ष का असर वैश्विक सप्लाई चेन पर भी पड़ता हुआ दिख रहा है. इसी बीच कुछ जगहों से एलपीजी सिलेंडर की मांग बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं.
सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि लोग एहतियात के तौर पर गैस सिलेंडर ज्यादा संख्या में बुक कर रहे हैं. इंटरनेट पर ऐसी तस्वीरें भी साझा की जा रही हैं, जिनमें गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं. कुछ जगहों पर सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनने की भी बातें कही जा रही हैं.
खाली सिलेंडर से बना देसी चूल्हा
ऑनलाइन चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि कहीं-कहीं एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है. इसी दौरान इंडक्शन कुकटॉप की मांग बढ़ने की खबरें भी सामने आई हैं. हालात को लेकर सोशल मीडिया पर खाना बनाने से जुड़े कई तरह के जुगाड़ वाले वीडियो भी वायरल हो रहे हैं.
ऐसा ही एक अलग तरह का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है. इस क्लिप में एक व्यक्ति पुराने गैस सिलेंडर को काटकर उसे देसी चूल्हे में बदलता हुआ दिखाई देता है.
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @Abhimanyu1305 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति खाली सिलेंडर के ऊपरी हिस्से को काटकर उसके भीतर लकड़ी डालने की जगह बना देता है. इसके बाद वह सिलेंडर को मिट्टी और अन्य जुगाड़ की मदद से चूल्हे की तरह इस्तेमाल करने लायक तैयार कर देता है. फिर उसमें आग जलाकर खाना बनाने का तरीका भी दिखाता है.
देखें वायरल वीडियो
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग इसे देसी जुगाड़ का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे जोखिम भरा तरीका भी कह रहे हैं.
सरकार बोली- गैस सप्लाई सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं
इस बीच देश के कुछ शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर चर्चा जरूर हो रही है. हालांकि सरकार का कहना है कि गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
सरकारी अधिकारियों के अनुसार रोजाना लाखों एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है. ऑनलाइन बुकिंग के बाद आम तौर पर दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं. साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी भी बढ़ाई गई है.
इन चर्चाओं के बीच सिलेंडर से चूल्हा बनाने वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ध्यान खींच रहा है. कई लोग इस पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स सुरक्षा को लेकर चिंता भी जता रहे हैं.