इंटरनेट पर इन दिनों व्यूज के लिए लोग कंटेंट के नाम पर कुछ भी रिकॉर्ड करके डाल दे रहे हैं. इसी कड़ी में लोग एक्सपेरिमेंटल फूड के वीडियो खूब शेयर कर रहे हैं. इनमें से कुछ ऐसी रेसिपी होती है, जिसे बनता देख मुंह में पानी आ जाता है और लोग इसे खूब पसंद करते हैं. वहीं कुछ इतने अजीबोगरीब होते हैं कि उसे चखना तो दूर, बनते देखना भी बर्दाश्त न हो.
इसी तरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें समोसे से एक डिश बनते हुए दिखाया गया है. समोसे की इस डिश को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा है - समोसा हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं. वीडियो में समोसे का कटलेट बनाते दिखाया गया है. समोसे की इस डिश को बनता देख लोग यही कहेंगे. यहां समोसे के साथ जो कुछ भी प्रयोग किया गया है, उसे देखकर समोसा लवर्स के आंखों में आंसू आ सकते हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @GSVKapoor नाम के हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है. इसमें बताया जा रहा है कि जब रेस्टोरेंट में समोसे बच जाते हैं, तब उसका क्या करते हैं. वीडियो में दिखाया गया है कि मिक्सी में समोसे को प्याज, लहसून, नींबू और टमाटर डालकर पीस लिया जाता है.
फिर उस पेस्ट को बेसन, नमक और जीरा पाउडर के साथ मिलाकर, छोटे-छोटे बनाकर तल लिया जाता है. इस तरह समोसे का कटलेट तैयार हो जाता है. बताया गया है कि इस डिश को समोसे से ज्यादा कीमत पर रेस्टोरेंट वाले बेचते हैं.
इस वीडियो पर लोगों ने काफी फनी कमेंट किए हैं. एक यूजर ने लिखा है - ये समोसा संस्कृति पर सीधा हमला है. एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि एक काम करता हूं - मर जाता हूं. एक यूजर ने लिखा है कि मेरी सरकार से गुजारिश है कि ऐसे लोगों को ढूंढकर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, चार समोसे का खून जया नहीं जाना चाहिए.