अमेरिका के न्यूयॉर्क से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक SUV अचानक हवा में उछलती हुई व्यस्त चौराहे को पार करती दिखाई देती है और सीधे एक इमारत के बाहर लगी स्कैफोल्डिंग से जा टकराती है. हैरान करने बात यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद कोई पैदल यात्री या दूसरी गाड़ी इसकी चपेट में नहीं आई.
व्यस्त चौराहे पर अचानक हुआ हादसा
द मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना न्यूयॉर्क के व्हाइट प्लेन्स शहर में हुई. SUV मेन स्ट्रीट पर पूर्व दिशा में जा रही थी. तभी गाड़ी अचानक दाईं ओर मुड़ गई, सड़क के बीच बने आइलैंड से टकराई और तेज रफ्तार में हवा में उछल गई.इसके बाद गाड़ी मैमरनेक एवेन्यू की लेन पार करते हुए एक इमारत के सामने लगी स्कैफोल्डिंग को तोड़ते हुए जा टकराई और आखिर में बफेलो वाइल्ड विंग्स रेस्टोरेंट के बाहर जाकर रुक गई.
कुछ फीट की दूरी से बची लोगों की जान
वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के समय सड़क के बीच बने आइलैंड पर तीन लोग खड़े थे. SUV उनके बेहद करीब से गुजर गई. वहीं आसपास चल रहे कई पैदल यात्री भी बाल-बाल बच गए.व्हाइट प्लेन्स पब्लिक सेफ्टी के मुताबिक इलाके में उस वक्त काफी पैदल आवाजाही थी, लेकिन चमत्कारिक रूप से किसी को भी चोट नहीं आई.
देखें वायरल वीडियो
80 साल का ड्राइवर अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार इस गाड़ी को लॉन्ग आइलैंड के रहने वाले 80 साल का व्यक्ति चला रहे थे. हादसे के समय कार में वही अकेले मौजूद थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं.
स्थानीय निवासी एनिका वेनिंग ने कहा कि कार लगभग इमारत से टकरा गई थी. यह बेहद डरावना दृश्य था. सच कहें तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि कोई घायल नहीं हुआ.
हादसे की वजह का पता लगा रही पुलिस
यह दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 4 बजे हुई. पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि हादसा ड्राइवर की गलती से हुआ या गाड़ी में किसी तकनीकी खराबी की वजह से.करीब चार घंटे बाद क्षतिग्रस्त SUV को मौके से हटा दिया गया, जबकि रेस्टोरेंट बफेलो वाइल्ड विंग्स बाद में सामान्य रूप से खुला रहा.