scorecardresearch
 

पापा ऑटो चलाते रहे, कभी कुछ मांगा नहीं, बेटे ने पेरेंट्स को पहली बार कराई हवाई यात्रा

मुंबई के एक युवक ने अपने माता-पिता को पहली बार फ्लाइट में बैठाकर उन्हें खास सरप्राइज दिया, पिता ने पूरी जिंदगी ऑटो चलाया और मां ने घर संभाला, लेकिन बेटे ने उन्हें छुट्टी पर ले जाकर उनके त्याग का सम्मान किया. यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
माता-पिता के लिए थोड़ा समय और खुशी निकालें, तो वह उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा होगा. ( Photo: Instagram/skip_with_chetan)
माता-पिता के लिए थोड़ा समय और खुशी निकालें, तो वह उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा होगा. ( Photo: Instagram/skip_with_chetan)

मुंबई के एक युवक की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रही है. इस युवक ने अपने माता-पिता को पहली बार हवाई जहाज में बैठाकर उन्हें एक खास तोहफा दिया. यह सिर्फ एक ट्रिप नहीं, बल्कि उनके जीवन भर के त्याग और मेहनत का एक छोटा सा धन्यवाद था. इस युवक का नाम चेतन तांबे है. उसने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उसने अपने माता-पिता की पहली फ्लाइट और छुट्टियों के खास पलों को दिखाया. इस वीडियो में उनके माता-पिता की खुशी साफ नजर आती है, जिसे देखकर लोग भावुक हो गए.

चेतन ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा-पापा ने पूरी ज़िंदगी ऑटो चलाया....और मम्मी ने पूरी ज़िंदगी घर संभाला.उन्होंने कभी ज़्यादा नहीं मांगा…बस हमेशा दिया. इस ट्रिप में मैंने उनका एक नया रूप देखा…पापा थोड़े डरे हुए थे…पर मम्मी… मम्मी तो पूरी तरह एडवेंचरस निकलीं. पैराग्लाइडिंग, एटीवी… सब कुछ ट्राई किया.जिंदगी भर दूसरों के लिए जीने वाले लोग…पहली बार खुद के लिए जीते हुए देखे. सच कहूं…उनके चेहरे की वो खुशी…मेरी ज़िंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि थी.अगर मौका मिले… अपने माता-पिता को ज़रूर घुमाने ले जाएं. उनकी खुशी… सच में अलग ही होती है.

ऑटो चलाकर उठाया परिवार का खर्च
चेतन ने अपने पोस्ट में बताया कि उसके पिता ने पूरी जिंदगी ऑटो-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च उठाया. वहीं, उसकी मां ने घर संभालते हुए पूरे परिवार का ध्यान रखा. दोनों ने कभी अपनी खुशी के बारे में नहीं सोचा, बल्कि हमेशा अपने बेटे के भविष्य के लिए मेहनत करते रहे. चेतन ने लिखा कि उसके माता-पिता ने कभी उससे कुछ खास नहीं मांगा. वे सिर्फ देना जानते थे. यही वजह है कि जब उसे मौका मिला, तो उसने सोचा कि अब समय आ गया है कि वह अपने माता-पिता के लिए कुछ खास करें.

Advertisement

इस यात्रा के दौरान चेतन ने अपने माता-पिता का एक नया रूप देखा. उसके पिता थोड़े शांत और संकोची स्वभाव के थे, लेकिन उसकी मां ने सभी को हैरान कर दिया. उन्होंने छुट्टियों के दौरान पैराग्लाइडिंग और एटीवी राइड जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज भी की. यह देखकर चेतन को बहुत खुशी हुई कि उसकी मां इतने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ नई चीजें आजमा रही हैं.

चेतन के अनुसार, अपने माता-पिता को खुश देखकर उसे जो खुशी मिली, वह उसके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है. उसने कहा कि जब उसने उनके चेहरे पर मुस्कान देखी, तो उसे लगा कि उसकी सारी मेहनत सफल हो गई. वीडियो में देख सकते हैं कि उसके पिता उसे प्यार से कहते हैं कि उन्हें उस पर गर्व है. यह पल न सिर्फ चेतन के लिए, बल्कि वीडियो देखने वाले हर व्यक्ति के लिए बहुत खास बन गया. इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने चेतन की तारीफ की और कहा कि यह दुनिया का सबसे अच्छा एहसास होता है. कुछ लोगों ने लिखा कि हर माता-पिता को ऐसा बेटा या बेटी मिलना चाहिए, जो उनकी मेहनत को समझे और उन्हें खुशियां दे.

माता-पिता को जरूर घुमाने ले जाएं
कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि उन्होंने यह वीडियो कई बार देखा, क्योंकि इसमें दिखाई गई खुशी और प्यार बहुत सच्चा और दिल को छू लेने वाला है. वहीं, कई लोग इस वीडियो को देखकर भावुक हो गए और उन्होंने दिल से प्रतिक्रिया दी. यह कहानी हमें यह सिखाती है कि माता-पिता हमारे लिए कितना कुछ करते हैं, लेकिन अक्सर हम उनकी खुशियों के बारे में सोच नहीं पाते. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement