scorecardresearch
 

मौत के करीब पहुंचे शख्स ने बताया क्या देखा, बनाया ऐसा स्केच कि लोग रह गए हैरान

मौत के बाद क्या होता है, यह सवाल सदियों से इंसानों को उलझाता रहा है. धर्म, दर्शन और विज्ञान-सबने अपने-अपने तरीके से इसका जवाब खोजने की कोशिश की है, लेकिन आज भी यह रहस्य पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा स्केच वायरल हो रहा है, जिसे एक शख्स ने मौत के करीब पहुंचने के अनुभव के बाद बनाया. इस चित्र में उसने ब्रह्मांड और चेतना के संबंध को एक नक्शे की तरह दिखाने की कोशिश की है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है.

Advertisement
X
सोशल मीडिया पर चर्चा में आए इस स्केच को युसुफ शाकूर नाम के व्यक्ति ने बनाया है (Photo: Pexel)
सोशल मीडिया पर चर्चा में आए इस स्केच को युसुफ शाकूर नाम के व्यक्ति ने बनाया है (Photo: Pexel)

एक दिन हर इंसान को मौत आनी है. लेकिन उसके बाद इंसान के वजूद का क्या होता है? यह सवाल आज का नहीं, बल्कि सदियों पुराना है. मानव इतिहास में लोग लगातार इस सवाल का जवाब खोजते रहे हैं. कोई इसका जवाब धर्म में तलाशता है, तो कोई विज्ञान में. फिर भी आज तक इसका साफ जवाब नहीं मिल पाया है कि क्या इस दुनिया के बाद भी कोई और दुनिया होती है.

इसी सवाल से जुड़ा एक स्केच इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह स्केच एक ऐसे शख्स ने बनाया है, जिसने मौत के करीब पहुंचने का अनुभव किया और उसी अनुभव के आधार पर ब्रह्मांड को इस तरह देखा.

सोशल मीडिया पर चर्चा में आए इस स्केच को युसुफ शाकूर नाम के व्यक्ति ने बनाया है. उन्होंने अपने अनुभव को सिर्फ शब्दों में बताने के बजाय एक डायग्राम के रूप में समझाने की कोशिश की. इसी वजह से लोग इस चित्र को कॉस्मिक मैप, यानी ब्रह्मांड का नक्शा कह रहे हैं.

‘कॉस्मिक मैप’ में क्या दिखाया गया

युसुफ शाकूर के बनाए इस चित्र में ब्रह्मांड को कई स्तरों में दिखाया गया है. सबसे नीचे पृथ्वी और इंसानों को दिखाया गया है. इसके ऊपर पतली चमकती लाइनों के जरिए इंसानों को ऊपर के अलग-अलग स्तरों से जोड़ा गया है.

Advertisement

चित्र के बीच में एक घूमती हुई सर्पिल आकृति बनाई गई है. इसे चेतना के एक स्तर से दूसरे स्तर तक जाने का रास्ता बताया गया है. वहीं सबसे ऊपर एक बड़ा गोला बनाया गया है, जिस पर ओवरसोल लिखा है. इसके जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि सभी जीवों की चेतना किसी बड़े स्रोत से जुड़ी हुई है.

‘सब कुछ एक-दूसरे से जुड़ा है’

युसुफ शाकूर ने अपने अनुभव का सार एक ही वाक्य में बताया-सब कुछ एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है.डायग्राम में इंसानों से ऊपर जाती पतली लाइनों को कई लोगों ने सार्वभौमिक चेतना से जुड़ाव का प्रतीक बताया. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि यह चित्र इस बात का संकेत देता है कि हर इंसान किसी बड़े ब्रह्मांडीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है.

पुराने आध्यात्मिक विचारों से मिलती है समानता

ऑनलाइन चर्चा के दौरान कई लोगों ने इस स्केच की तुलना पुराने आध्यात्मिक विचारों से भी की. उदाहरण के लिए सिल्वर कॉर्ड नाम की अवधारणा का जिक्र किया गया.उन्नीसवीं सदी के आध्यात्मिक आंदोलन थियोसोफी में यह माना जाता था कि आत्मा और शरीर के बीच एक अदृश्य डोरी होती है. कुछ लोगों को युसुफ शाकूर के चित्र में दिखाई देने वाली पतली लाइनों में इसी विचार की झलक दिखाई देती है.

Advertisement

देखें पोस्ट

 

विज्ञान क्या कहता है

वैज्ञानिक भी कई दशकों से मौत के करीब पहुंचने के अनुभवों का अध्ययन करते रहे हैं. डच कार्डियोलॉजिस्ट पिम वान लोमेल का एक प्रसिद्ध शोध मेडिकल जर्नल द लैंसेट में प्रकाशित हुआ था.इस अध्ययन में 344 ऐसे मरीजों को शामिल किया गया था, जो कार्डियक अरेस्ट के बाद बच गए थे. इनमें से करीब 18 प्रतिशत लोगों ने बताया कि उन्हें मौत के करीब पहुंचने जैसा अनुभव हुआ था.

कई लोगों ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे वे किसी सुरंग या रोशनी से गुजर रहे हों. कुछ ने कहा कि उन्हें अपने शरीर से अलग होने जैसा महसूस हुआ. वहीं कई लोगों ने गहरी शांति और एकता का अनुभव होने की बात कही.वैज्ञानिकों के मुताबिक इन अनुभवों के पीछे दिमाग में ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक तनाव और मस्तिष्क में होने वाले रासायनिक बदलाव जैसे कारण हो सकते हैं.

क्यों वायरल हो गया यह स्केच

मौत के करीब पहुंचने के अनुभव की कहानियां अक्सर इसलिए तेजी से फैलती हैं, क्योंकि वे इंसान के सबसे पुराने सवाल से जुड़ी होती हैं-मौत के बाद क्या होता है? युसुफ शाकूर के स्केच ने लोगों की दिलचस्पी इसलिए और बढ़ा दी, क्योंकि इसमें उस अनुभव को एक नक्शे की तरह दिखाने की कोशिश की गई है.

Advertisement

कुछ लोग इसे आध्यात्मिक अनुभव मान रहे हैं, तो कुछ इसे एक व्यक्तिगत कल्पना या प्रतीकात्मक चित्र बता रहे हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर इस स्केच की सबसे ज्यादा चर्चा उसके संदेश को लेकर हो रही है-शायद इस ब्रह्मांड में सब कुछ किसी न किसी तरह जुड़ा हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement