scorecardresearch
 

अपने आखिरी वक्त में कहां बैठे थे खामेनेई? 3D एनिमेशन से समझें- VIDEO

इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने 6 मार्च 2026 को एक 3D एनिमेशन वीडियो जारी किया. इस वीडियो में दावा किया गया है कि अपने आखिरी समय में ईरान के सुप्रीम लीडर कहां मौजूद थे और उन्हें किस तरह निशाना बनाया गया. वीडियो में कथित अंडरग्राउंड बंकर की संरचना और उस पर किए गए हमले का पूरा सिमुलेशन भी दिखाया गया है.

Advertisement
X
इजरायल का दावा है कि यह जगह युद्ध के समय कमांड सेंटर की तरह इस्तेमाल होती थी (Photo-AFP)
इजरायल का दावा है कि यह जगह युद्ध के समय कमांड सेंटर की तरह इस्तेमाल होती थी (Photo-AFP)

मिडिल ईस्ट में बढ़ते टकराव के बीच इजरायल ने एक ऐसा वीडियो जारी किया है जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई बहस छेड़ दी है. इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने 6 मार्च 2026 को एक 3D एनिमेशन वीडियो शेयर किया, जिसमें तेहरान में बने एक कथित अंडरग्राउंड बंकर की संरचना दिखाई गई है.

इजरायल का दावा है कि यह बंकर ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई से जुड़ा हुआ था. IDF के मुताबिक इजरायली एयर फोर्स के 50 फाइटर जेट्स ने सटीक हमले कर इस बंकर को निशाना बनाया और उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है.

खामेनेई की मौत के बाद बढ़ा तनाव

दरअसल, 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त एयर स्ट्राइक्स में खामेनेई की मौत हो गई थी. उस समय वे तेहरान स्थित अपने कंपाउंड में मौजूद थे.ईरान के सरकारी मीडिया ने 1 मार्च को उनकी मौत की पुष्टि की थी. इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सार्वजनिक रूप से उनकी मौत का जिक्र किया. खामेनेई के निधन के बाद ईरान में 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया.

Advertisement

देखें पूरा वीडियो

 

कैसा था यह अंडरग्राउंड बंकर

IDF के अनुसार यह बंकर तेहरान के सेंट्रल इलाके में बने लीडरशिप कंपाउंड के नीचे तैयार किया गया था. इसमें कई भूमिगत सुरंगें, अलग-अलग कमरे और कम से कम आठ एंट्री पॉइंट्स मौजूद थे.इजरायल का दावा है कि यह जगह युद्ध के समय कमांड सेंटर की तरह इस्तेमाल होती थी, जहां ईरान के वरिष्ठ अधिकारी बैठकर रणनीति तैयार कर सकते थे.

3D वीडियो में क्या दिखाया गया

इजरायल द्वारा जारी करीब 30 सेकंड के इस 3D एनिमेशन वीडियो में बंकर की पूरी बनावट को दिखाया गया है. इसमें एंट्री पॉइंट्स, सुरंगों का नेटवर्क और आसपास के रिहायशी इलाकों का नक्शा भी दिखता है.

वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि किस तरह इजरायली फाइटर जेट्स ने प्रेसिजन स्ट्राइक करते हुए इस पूरे अंडरग्राउंड ढांचे को निशाना बनाया. वीडियो के आखिरी हिस्से में बंकर को पूरी तरह तबाह होता हुआ दिखाया गया है.

सिविलियन इलाकों के नीचे होने का दावा

इजरायल का कहना है कि इस बंकर के कुछ एंट्री पॉइंट्स ऐसे इलाकों के पास थे जहां आम लोग रहते हैं. इनमें स्कूल, अस्पताल, मस्जिद, वैक्सीनेशन सेंटर और पार्किंग गैरेज जैसे स्थान शामिल बताए गए हैं.

Advertisement

सोशल मीडिया पर कुछ ईरानी विरोधी यूजर्स ने यह भी आरोप लगाया है कि इस तरह के बंकर सिविलियन एरिया के नीचे इसलिए बनाए जाते हैं ताकि जरूरत पड़ने पर नागरिकों को 'ह्यूमन शील्ड' की तरह इस्तेमाल किया जा सके. हालांकि इन दावों की ईरान की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है.

सोशल मीडिया पर तेज बहस

वीडियो सामने आने के बाद कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने भी इसे प्रमुखता से दिखाया है. न्यूयॉर्क पोस्ट, फॉक्स न्यूज, द सन, टाइम्स ऑफ इजरायल और ईरान इंटरनेशनल जैसे प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर चर्चा में है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है. कुछ यूजर्स इसे इजरायल का प्रोपेगेंडा बता रहे हैं.इस पूरे मामले पर ईरान की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जिस बंकर का जिक्र किया जा रहा है वह वास्तव में नष्ट हुआ है या नहीं.

हालांकि तेहरान में हाल के दिनों में कई बड़े धमाकों और आग लगने की खबरें सामने आई हैं. फरवरी के अंत से शुरू हुआ यह संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है और दुनिया की नजर अब इस बात पर है कि मिडिल ईस्ट में हालात आगे किस दिशा में बढ़ते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement