कल्पना कीजिए… आप किसी चर्च में प्रवेश करते हैं और पहला ही कदम रखते ही लगता है कि जमीन खिसक रही है. शरीर का बैलेंस बिगड़ने लगता है, दीवारें तिरछी नजर आती हैं और सीधा खड़े रहना खुद के लिए चैलेंज होता हैै. ये किसी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि ग्रीस के रोपोटो गांव की हकीकत है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रही है.
इस चर्च का नाम है चर्च ऑफ द डॉरमिशन ऑफ द वर्जिन मैरी. यह चर्च करीब 17 डिग्री के खतरनाक झुकाव पर टिका हुआ है. इटली का मशहूर पीसा की झुकी मीनार सिर्फ 3.97 डिग्री झुका है. यानी ये चर्च उससे चार गुना ज्यादा टेढ़ा है!
क्या है वजह
साल 2012 में रोपोटो गांव में भीषण भूस्खलन हुआ. देखते ही देखते पूरा गांव तबाह हो गया. घर ढह गए, लोग पलायन करने को मजबूर हो गए. लेकिन हैरानी की बात ये रही कि ये चर्च पूरी तरह गिरा नहीं. बल्कि ये करीब 200 मीटर नीचे खिसक गया और उसी हालत में खड़ा रह गया.वो भी बिना बड़ी दरार के.भूस्खलन के बावजूद चर्च बिना किसी बड़ी दरार के खड़ा रहा और अब भी मजबूत दिखता है. 14 साल गुजर गए, लेकिन इसकी दीवारें और संरचना अभी भी सुरक्षित है.ये खुद में एक चमत्कार माना जा रहा है.
देखें वीडियो
अंदर जाते ही बिगड़ता है बैलेंस
अब ये चर्च एक अजीबोगरीब टूरिस्ट स्पॉट बन चुका है. यहां आने वाले लोग 'बैलेंस चैलेंज' करते हैं. कोई गिर पड़ता है, तो किसी को चक्कर आने लगते हैं. कई पर्यटक दीवार पकड़कर चलते दिखते हैं.वीडियो में ये जगह इतनी अजीब लगती है जैसे किसी ने पूरे चर्च को तिरछा घुमा दिया हो.
अब बन रहा नया वायरल टूरिस्ट स्पॉट
विशेषज्ञों का कहना है कि पूरा इलाका अभी भी धीरे-धीरे धंस रहा है, लेकिन चर्च अब भी मजबूती से खड़ा है. यही वजह है कि रोपोटो गांव अब फोटोग्राफर्स, ब्लॉगर और एडवेंचर लवर्स का नया ठिकाना बनता जा रहा है.