कल्पना कीजिए, आप ऑफिस जाते वक्त लंबे ट्रैफिक में फंसे हैं. कारें रेंग रही हैं और जो रास्ता 10 मिनट में तय होना चाहिए, उसमें 3 घंटे से ज्यादा लग रहे हैं. ऐसे वक्त मन में यही ख्याल आता है.काश, कार उड़ जाती और ट्रैफिक से निकल जाते. न्यूयॉर्क में अब यही ख्वाब हकीकत बनता नजर आ रहा है. यहां उड़ने वाली टैक्सी का ट्रायल शुरू हो चुका है.
न्यूयॉर्क शहर में भविष्य की उड़ान का ट्रायल शुरू हो गया है. इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी कंपनी Joby Aviation ने मैनहैटन से जॉन एफ. केनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक डेमोंस्ट्रेशन फ्लाइट्स शुरू की हैं. कंपनी का दावा है कि यह सफर अब 1 से 2 घंटे की बजाय सिर्फ 10 मिनट में पूरा हो सकता है.
कैसे काम करता है यह विमान
यह ऑल-इलेक्ट्रिक विमान दिखने में बड़े ड्रोन जैसा है. इसमें एक पायलट समेत कुल पांच लोग बैठ सकते हैं. यह हेलीकॉप्टर की तरह सीधे ऊपर उठता है और इसके प्रोपेलर झुककर इसे आगे की ओर गति देते हैं.कंपनी का कहना है कि यह पारंपरिक हेलीकॉप्टर से ज्यादा शांत है और इसमें ऑपरेशन के दौरान कोई उत्सर्जन नहीं होता, क्योंकि यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक है.
क्या है इसका मकसद
इस परियोजना का उद्देश्य मैनहैटन के लोअर और मिडटाउन इलाके के हेलिपोर्ट्स को JFK एयरपोर्ट से जोड़ना है. इससे शहर के भारी ट्रैफिक से बचते हुए यात्रियों का समय काफी कम हो सकता है.न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन केविन ओ’टूल (Kevin O’Toole) ने कहा कि यह तकनीक आने वाले समय में लोगों के सफर को आसान बना सकती है और नई एविएशन तकनीक को आगे बढ़ाने में मदद करेगी.
देखें वीडियो
टेस्टिंग और भविष्य की योजना
कंपनी 2023 से ऐसे कई टेस्ट कर चुकी है. फिलहाल यह 10 दिन की फ्लाइट टेस्टिंग Federal Aviation Administration के eVTOL इंटीग्रेशन प्रोग्राम का हिस्सा है. अमेरिकी परिवहन विभाग ने इस तकनीक के लिए कई पायलट प्रोजेक्ट्स चुने हैं, जिनमें शहरी एयर टैक्सी, कार्गो और इमरजेंसी सेवाएं शामिल हैं.
कब शुरू होगी आम सेवा
कंपनी अभी FAA सर्टिफिकेशन के अंतिम चरण में है. इसके लिए पांच स्टेज की प्रक्रिया पूरी करनी होती है. टेस्टिंग से मिलने वाला डेटा भविष्य में नियम बनाने में मदद करेगा, जिससे इस तकनीक को बड़े स्तर पर सुरक्षित तरीके से लागू किया जा सके.
कितना होगा किराया
इस इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी का किराया अभी तय नहीं हुआ है, क्योंकि यह टेस्टिंग फेज में है. हालांकि, कंपनी के अनुसार मैनहैटन से JFK एयरपोर्ट तक एक राइड की कीमत करीब 150 से 200 डॉलर (लगभग 12,000–16,000 रुपये) हो सकती है. कुछ रिपोर्ट्स में इसे Uber Black जैसी प्रीमियम कैब के किराए के बराबर बताया गया है. यानी खर्च हाई-एंड कैब जितना होगा, लेकिन सफर सिर्फ 10 मिनट में पूरा हो जाएगा.
इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी की यह टेस्टिंग दिखाती है कि आने वाले समय में शहरों में यात्रा का तरीका पूरी तरह बदल सकता है. अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो एयर टैक्सी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन सकती है.