सोशल मीडिया पर इन दिनों लोग अपनी लाइफ के बारे में काफी बात कर रहे हैं. वे अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर प्रोफेशनल जिंदगी के बारे में भी बता रहे हैं. दिल्ली की एक लड़की ने अभी प्रोफेशनल लाइफ के बारे में बताया है, लेकिन उन्होंने कुछ ऐसी बातें शेयर की हैं, अब उनका वीडियो वायरल हो रहा है. उन्होंने अपने वीडियो में बताया कि वो एक पहले उनकी सैलरी एक लाख रुपये थी, लेकिन अब उन्होंने दूसरा काम शुरू कर दिया है और कम टाइम में ज्यादा पैसे कमा रही हैं.
मेहर वर्मा नाम की यूजर ने अपनी प्रोफेशनल लाइफ के बारे में जो वीडियो शेयर किया है, उसमें बताया है कि वो अब सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट और यूजीसी क्रिएटर के रूप में काम करती हैं और पहले वो वकील थीं और अपने काम से नाखुश थीं. हालांकि, अब वो कम टाइम काम कर रही हैं और खुश हैं. पहले उन्हें देर रात तक काम करना पड़ता था और वह लगातार तनाव में और थकी हुई रहती थीं.
वीडियो में सुनाई अपनी कहानी
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम वीडियो के साथ लिखा है, 'फरवरी 2024 में, मैं एक लॉ फर्म में काम कर रही थी और मेरी सैलरी करीब 1 लाख महीना थी. कागजों पर सब कुछ ठीक लग रहा था. लेकिन मैं अंदर से खुश नहीं थी. कई घंटे तक काम, कोई वीकेंड नहीं, रात 9–10 बजे घर आना और फिर भी काम करते रहना. मैं हमेशा थकी हुई रहती थी, लगातार तनाव में थी और सच कहूं तो अक्सर अच्छा नहीं लगता था.'
आगे लिखा, 'कुछ समय बाद मुझे अहसास हुआ कि मैं वकील नहीं बनना चाहती थी. कोई खास पल नहीं था, बस ये लगता था कि ये वो जिंदगी नहीं है, जो मैं जीना चाहती हूं. तो मैंने नौकरी छोड़ दी. न कोई पक्का प्लान था, न कोई बैकअप. और यह आसान नहीं था. मेरे माता-पिता उस समय मेरे फैसले के साथ नहीं थे, फैमिली गैदरिंग में मुझे थोड़ा शर्मिंदगी महसूस होती थी और मेरे पहले फ्रीलांस काम में 10,000 रुपये की कमाई थी. कई रातें ऐसी थीं जब मुझे लगा कि मैंने गलत फैसला ले लिया है. लेकिन मैं आगे बढ़ती रही.'
उसके आगे लिखा, 'मैं लगातार काम करता रही, करीब हर दिन कंटेंट बनाती रही और धीरे-धीरे चीजों को समझती गई. धीरे-धीरे चीजें काम करने लगीं. क्लाइंट आने लगे, मुझे अपनी स्ट्रेंथ स्टोरीटेलिंग में समझ आई, फिर मैं सोशल मीडिया स्ट्रैटेजी और यूजीसी में आई और 14 महीनों के अंदर मैं 2 लाख रुपये महीने कमाने लगी. लेकिन यह सिर्फ पैसे के बारे में नहीं है. यह उस सोच के बारे में है जो हमें सिखाई जाती है कि सफलता के लिए दिन में 12–14 घंटे काम करना जरूरी है. मैं इससे सहमत नहीं हूं.'
इसके आगे उन्होंने बताया, 'अब मैं दिन में लगभग 6 घंटे काम करती हूं, मैं कैफे जाती हूं, पिकलबॉल खेलती हूं, जिम जाती हूं, परिवार के साथ समय बिताती हूं और सच में अपनी जिंदगी का आनंद लेती हूं. आपको मेरा रास्ता अपनाने की जरूरत नहीं है. आपको अपनी नौकरी छोड़ने की भी जरूरत नहीं है. लेकिन, किसी को यह तय करने मत दीजिए कि आपके लिए 'कड़ी मेहनत' या 'सफलता' कैसी होनी चाहिए. अगर आपकी जिंदगी सही महसूस नहीं हो रही है, तो आपके पास अलग चुनने का हक है.'
(ये खबर इंस्टा यूजर की ओर से किए गए दावों पर आधारित है.)