scorecardresearch
 

सावधान! होटल की Kettle बन सकती है बीमारियों का घर, इस्तेमाल से पहले जान लें ये जरूरी बातें

कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें कहा जा रहा था कि कुछ मेहमान होटल के कमरे में रखी इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल अपने अंडरगारमेंट्स धोने के लिए भी कर लेते हैं. ऐसे में आज इस खबर में जानेंगे कि इस बात में कितनी सच्चाई है और होटल की केतली का इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

Advertisement
X
होटल की केतली में चाय या कॉफी बनाने से पहले, इन बातों का रखें ध्यान (Adobe stock)
होटल की केतली में चाय या कॉफी बनाने से पहले, इन बातों का रखें ध्यान (Adobe stock)

जब हम कहीं घूमने जाते हैं तो किसी होटल में ठहरते हैं और वहां कि साफ-सफाई को लेकर होटल पर भरोसा करते हैं. ज्यादातर होटल कमरे साफ रखते हैं, नई चादरें देते हैं और तौलिये भी बदलते हैं, जिससे मेहमानों को भरोसा रहता है. होटल भी इस जिम्मेदारी को समझते हैं. लेकिन एक बात हम अक्सर नहीं सोचते कि हमसे पहले कमरे में ठहरे लोगों ने वहां रखी चीजों का कैसे इस्तेमाल किया होगा. चादरें और तौलिये तो बदल दिए जाते हैं लेकिन कमरे में रखे इलेक्ट्रिक केतली या कॉफी मेकर जैसे सामान आमतौर पर वहीं रहते हैं. इन्हें हर बार बदला नहीं जाता. ऐसे में लोगों के मन में इसको लेकर कई बार सवाल उठते हैं कि इन्हें कैसे साफ किया गया होगा और हमसे पहले ठहरे लोगों ने इनका इस्तेमाल किस तरह किया होगा

सोशल मीडिया पर भी ऐसे कई वीडियो और पोस्ट देखने को मिलते हैं, जिनमें दावा किया जाता है कि कुछ लोग होटल की केतली में पानी उबालने के बजाय मोजे या अंडरवियर धोते हैं, मैगी बनाते हैं या अंडे उबालते हैं. हालांकि इन वीडियो की सच्चाई हर बार साबित नहीं होती लेकिन इन्हें देखकर लोगों के मन में शक जरूर पैदा हो जाता है.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से उठा सवाल
हाल ही में ऐसा ही एक मामला तब चर्चा में आया जब अमेरिका की एक इन्फ्लुएंसर का वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में वह होटल के कॉफी मेकर का इस्तेमाल अंडरवियर धोने के 'ट्रैवल हैक' के रूप में दिखा रही थीं. इस वीडियो के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी जताई और होटल के सामान की साफ-सफाई को लेकर बहस शुरू हो गई. बाद में उस इन्फ्लुएंसर ने सफाई दी कि उन्होंने खुद कभी ऐसा नहीं किया है.

Advertisement

एक समय था जब होटल के कमरे में रखी इलेक्ट्रिक केतली ट्रैवलर को काफी काम की लगती थी. लंबी यात्रा के बाद लोग उसी में चाय बना लेते थे, सुबह जल्दी कॉफी बना लेते थे या फिर कभी-कभी गर्म पानी से नूडल्स भी बना लेते थे. यह छोटी-सी चीज लोगों को घर जैसा आराम देती थी.

लेकिन अब ऐसी कई घटनाओं के बाद होटल की केतली और कॉफी मेकर को लेकर साफ-सफाई पर बहस शुरू हो गई है. कुछ लोग आज भी बिना ज्यादा सोचे इनका इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन कई लोगों को अब इसे इस्तेमाल करने में हिचक होने लगी है. एक बार अगर दिमाग में यह बात आ जाए कि किसी ने इसका गलत तरीके से इस्तेमाल किया होगा, तो फिर उस ख्याल को भूलना मुश्किल हो जाता है.

खासकर छोटे बच्चों के पेरेंट्स, कमजोर इम्युनिटी वाले लोग या जो लोग साफ-सफाई को लेकर ज्यादा सतर्क रहते हैं, वे इस बारे में ज्यादा सोचने लगे हैं. कोविड के बाद तो वैसे भी लोगों की साफ-सफाई को लेकर चिंता पहले से ज्यादा बढ़ गई है. जो चीज पहले नॉर्मल लगती थी, अब लोग उसे भी ध्यान से देखने लगे हैं.

फिर क्या किया जाना चाहिए?
होटल अगर साफ-सफाई के बारे में थोड़ा खुलकर जानकारी दें तो लोगों का भरोसा बढ़ सकता है. जैसे कई लग्जरी होटल बताते हैं कि कमरे की चादरें कब बदली गईं, तौलिये कब रखे गए या केतली और कॉफी मशीन आखिरी बार कब अच्छी तरह साफ की गई थी. अगर होटल मेहमानों से उनकी सफाई से जुड़ी कोई खास जरूरत भी पूछ लें तो इससे भी उन्हें ज्यादा भरोसा मिल सकता है.

Advertisement

वहीं लोगों को भी कुछ छोटी-छोटी सावधानियां रखनी चाहिए. केतली इस्तेमाल करने से पहले एक बार देख लें कि उसमें कोई गंदगी, अजीब सी गंध या पानी में धुंधलापन तो नहीं है. अगर कुछ भी ठीक न लगे तो उसका इस्तेमाल न करें. अगर शक हो तो पहले उसे साफ पानी से धो लें और फिर इस्तेमाल करें. और सबसे जरूरी बात, केतली का इस्तेमाल सिर्फ पानी उबालने के लिए ही करें. उसमें दूध, खाना या दूसरी चीजें डालने से बचें, ताकि उसमें कोई गंदगी या दाग न रह जाए.

ये छोटी-छोटी सावधानियां पूरी तरह गारंटी तो नहीं देतीं, लेकिन इससे आपको थोड़ा भरोसा और सुकून जरूर मिल सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement