जब भी आप छुट्टियों पर घूमने जाते हैं, तो होटल कुछ दिन के लिए आपका घर बन जाता है. जहां आप रहते हैं, सोते और आराम करते हैं. ऐसे में होटल में ठहरना अपने आप में एक अलग एक्सपीरियंस होता है. उसका आरामदायक कमरा, साफ-सुथरा माहौल और छोटी-छोटी सुविधाएं आपके स्टे को और बेहतर बना देती हैं. आपको स्टे के दौरान इस्तेमाल करने के लिए बहुत सी चीजें दी जाती हैं, जिनमें से कुछ आप अपने घर ले जा सकते हैं.
लेकिन चेकआउट के समय अक्सर दिमाग में एक कंफ्यूजन जरूर रहता है कि कमरे में रखा कौन सा सामान हमारा है और क्या छोड़कर जाना चाहिए? कई बार लोग झिझक में कुछ भी नहीं लेते, जबकि कुछ लोग अनजाने में ऐसी चीजें उठा लेते हैं जिनके लिए उन्हें शर्मिंदगी झेलनी पड़ सकती है. ऐसे में आपको इस बारे में जानकारी होना बहुत जरूरी है कि आप होटल से घर क्या-क्या सामान घर ले जा सकते हैं.
1. होटल टॉयलेट्रीज (Toiletries): होटल के कमरे में मिलने वाले छोटे-छोटे साबुन, शैम्पू, कंडीशनर और शॉवर कैप खासतौर से आपके लिए ही होता है. अगर आपने इन्हें इस्तेमाल नहीं किया, तो आप इन्हें अपने साथ घर ले जा सकते हैं. हालांकि, कई होटल्स में शैंपू और बॉडीवॉश के बड़े-बड़े डिब्बे रखे होते हैं जिन्हें आप घर नहीं ले जा सकते हैं.
2. सिलाई किट (Sewing Kit): होटल के कमरे में छोटे-छोटे साबुन, शैम्पू जैसी चीजों के साथ ही छोटी सी सिलाई किट भी मिलती है, जिसमें सुई-धागा होता है. ये आपके इस्तेमाल के लिए ही होती है, इसलिए इसे बैग में रखना गलत नहीं है.
3. स्टेशनरी (Stationery): होटल के ब्रांडेड नोटपैड और पेन अक्सर रूम में रखे होते हैं. इनमें से कुछ पन्ने और एक-दो पेन आप अपने साथ घर ले जा सकते हैं, बस ध्यान रखें कि मात्रा ज्यादा न हो.
4. चाय, कॉफी और शुगर सैशे: होटल के कमरों में टी-बैग, कॉफी पाउच और शुगर सैशे भी रखे होते हैं, जो कॉम्प्लिमेंट्री होते हैं. इन्हें आप वहां भी इस्तेमाल कर सकते हैं और अपने घर भी ले जा सकते हैं.
5. डिस्पोजेबल चप्पल (Slippers): होटल में आपको चप्पलें भी दी जाती हैं. ये डिस्पोजेबल (एक बार इस्तेमाल वाली) चप्पल को आप उसे घर ले जा सकते हैं. लेकिन अगर चप्पल रीयूजेबल है, तो उसे आप घर नहीं ले जा सकते हैं.
6. पोस्टकार्ड और ब्रोशर: होटल के पोस्टकार्ड, ट्रैवल गाइड और ब्रोशर प्रमोशनल मैटेरियल होते हैं. ये फ्री होते हैं और इन्हें आप याद के तौर पर रख सकते हैं.
7. वेलकम स्नैक्स: कई होटल वेलकम के तौर पर फल या स्नैक्स बास्केट देते हैं. ये पूरी तरह से आपके लिए होता है. आप चाहें तो उसे वहीं खा सकते हैं या घर भी ले जा सकते हैं.
8. डेंटल और शेविंग किट: टूथब्रश, टूथपेस्ट और रेजर जैसे आइटम ज्यादातर होटल कॉम्प्लिमेंट्री देते हैं. ये चीजें पर्सनल यूज के लिए होते हैं, इसलिए इन्हें साथ ले जाना बिल्कुल सही है.