विनय पाठक (Vinay Pathak) भारतीय थिएटर और फिल्म अभिनेता हैं. उनका जन्म 27 जुलाई 1968 को बिहार के भोजपुर जिले में हुआ था. बचपन का कुछ समय उन्होंने धनबाद में बिताया, क्योंकि उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत थे. शुरुआती पढ़ाई रांची के विकास विद्यालय से पूरी करने के बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वे अमेरिका चले गए, जहां स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क, स्टोनी ब्रुक में अध्ययन के दौरान उन्होंने रंगमंच से जुड़ी कई प्रस्तुतियों में अभिनय किया.
भारत लौटने के बाद विनय पाठक ने थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों में काम करना शुरू किया. साल 1999 में वे टीवी सीरियल 'हिप हिप हुर्रे' में विनी के किरदार में नजर आए. इसके बाद उन्होंने फिल्मों और टेलीविजन के साथ-साथ निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रखा. उन्होंने फिल्म 'दसविदानिया' का निर्माण किया, जिसकी कहानी एक आम व्यक्ति के जीवन पर आधारित थी.
विनय पाठक ने 'खोसला का घोसला', 'भेजा फ्राई', 'आइलैंड सिटी' और 'जॉनी गद्दार' जैसी फिल्मों में अभिनय किया. इसके अलावा 'जिस्म', 'रब ने बना दी जोड़ी' और 'माय नेम इज खान' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने सहायक भूमिकाएं निभाईं. वर्ष 2005 में वे कनाडा के सिख समुदाय पर आधारित टेलीविजन फिल्म 'मर्डर अनवील्ड' में इंस्पेक्टर गुरपाल बादाश की भूमिका में दिखाई दिए. इसके बाद 'आजा नचले', 'खोया खोया चांद', 'रात गई बात गई' और 'अंतर्द्वंद' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया.
टेलीविजन की दुनिया में भी विनय पाठक सक्रिय रहे. उन्होंने रणवीर शौरी के साथ 'ओए', 'रणवीर विनय और कौन?', 'हाउस अरेस्ट', 'दुनिया गोल है' और 'क्रिकेट क्रेजी' जैसे कार्यक्रमों की मेजबानी की. इसके अलावा वे 'द ग्रेट इंडियन कॉमेडी शो' का भी हिस्सा रहे.
निजी जीवन की बात करें तो विनय पाठक की पत्नी का नाम सोनिका सहाय है. उनकी दो बेटियां हैं, जिनके नाम वसुधा और शारिनी हैं.