माइक्रोसॉफ्ट ने भारतीय मूल की आशा शर्मा को अपने गेमिंग डिविजन का एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और CEO बनाया है. आशा शर्मा फिल स्पेंसर की जगह लेंगी, जो लगभग चार दशक से माइक्रोसॉफ्ट के साथ काम कर रहे हैं. फिल जल्द ही रिटायर होने वाले हैं. माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्य नडेला ने इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने इस फैसले का ऐलान करते हुए बताया, 'मैं गेमिंग और हमारे कंज्यूमर विजन के सेंटर में इसकी भूमिका को लेकर बेहद आशावादी हूं. मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि आशा शर्मा को Microsoft गेमिंग का एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और CEO बनाया जाएगा. वह सीधे मुझे रिपोर्ट करेंगी.'
आशा शर्मा ने टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट और ऑपरेशन के क्षेत्र में लगभग 15 साल तक लीडरशिप रोल्स पर काम किया है. उन्होंने मिनेसोटा यूनिवर्सिटी के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से पढ़ाई की है. उन्होंने साल 2011 में माइक्रोसॉफ्ट के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी.
यह भी पढ़ें: Microsoft Stock Crash: झटके में ₹32 लाख करोड़ स्वाहा... कई अरबपतियों की संपत्ति से ज्यादा, IT शेयर को हुआ क्या?
शर्मा ने मार्केटिंग डिपार्टमेंट में जॉइन किया था. दो साल के बाद उन्होंने पोर्च समूह में बतौर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर जॉइन किया. जहां आशा शर्मा ने कंपनी को मजबूत करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई. उन्होंने इंजीनियरिंग, सेल्स, प्रोडक्ट, मार्केटिंग और ऑपरेशन टीम्स का नेतृत्व किया था.
साल 2017 में उन्होंने मेटा में बतौर वाइस प्रेसिडेंट प्रोडक्ट और इंजीनियरिंग जॉइन किया. यहां आशा शर्मा ने मैसेजिंग और इंस्टाग्राम डायरेक्ट के हेड ऑफ प्रोडक्ट की भूमिका निभाई. साथ ही उन्होंने कंपनी में कई अन्य डिपार्टमेंट को भी लीड किया था.
यह भी पढ़ें: Global South में AI पर Microsoft का बड़ा निवेश
साल 2024 में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट को दोबारा जॉइन किया. उनकी दूसरी पारी बतौर प्रेसिडेंट, कोर AI प्रोडक्ट्स की थी. उन्होंने AI मोड्स, ऐप्लिकेशन, एजेंट्स और डेवलपर्स टूल के लिए प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को लीड किया था. इससे पहले उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट AI प्लेटफॉर्म्स के कॉर्पोरेट वायस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ प्रोडक्ट की भी भूमिका निभाई है.
Matt Booty को एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ कंटेंट ऑफिसर बनाया गया है, जो आशा शर्मा को रिपोर्ट करेंगे. आशा शर्मा ने एक मैसेज में कहा है, 'हम अपने Xbox फैन्स और प्लेयर्स के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएंगे, जिन्होंने पिछले 25 साल में हमारे साथ निवेश किया है. गेमिंग अब किसी एक हार्डवेयर का हिस्सा नहीं बल्कि ये कई डिवाइसेस पर पहुंच चुकी है.'