HMD ग्लोबल ने अपने Nokia 8.3 5G स्मार्टफोन को लॉन्च कर दिया है. ये आधिकारिक तौर पर कंपनी का पहला 5G Nokia फोन है. ये एक प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन है. ये Nokia 8.1 का अपग्रेड है और इसमें स्नैपड्रैगन 765 प्रोसेसर मौजूद है, जो इंटीग्रेटेड 5G मॉडेम के साथ आता है. साथ ही इसमें पंच होल डिस्प्ले भी दिया गया है. आपको बता दें 8.3 5G के साथ ही कंपनी ने Nokia 5.3, Nokia 1.3 और Nokia 5310 फीचर फोन को भी लॉन्च किया है.
Nokia 8.3 5G की कीमत EUR 599 (लगभग 47,800 रुपये) रखी गई है. ये कीमत बेस 6GB रैम और 64GB स्टोरेज की है. वहीं, 8GB/128GB वेरिएंट की कीमत EUR 649 (लगभग 52,000 रुपये) रखी गई है. कंपनी ने जानकारी दी है कि इस गर्मी में इसे यूरोप में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.
Nokia 8.3 5G के स्पेसिफिकेशन्स
इस स्मार्टफोन में FHD+ रिजॉल्यूशन और ऑलवेज-ऑन HDR सपोर्ट के साथ 6.8-इंच प्योरडिस्प्ले स्क्रीन दी गई है. इसमें 7nm प्रोसेस बेस्ड स्नैपड्रैगन 765 प्रोसेसर मौजूद है. इस स्मार्टफोन के बैक में 3D गोरिल्ला ग्लास दिया गया है और फिंगरप्रिंट सेंसर यहां साइड माउंटेड है. ग्राहकों को ये स्मार्टफोन पोलर नाइट कलर ऑप्शन में मिलेगा.
Nokia 8.3 5G में फोटोग्राफी के लिए प्योरव्यू क्वॉड कैमरा सेटअप दिया गया है. इस सेटअप का प्राइमरी कैमरा 64MP का है. इसके अलावा यहां 4K अल्ट्रा HD सपोर्ट के साथ 12MP वाइड एंगल कैमरा, 2MP मैक्रो कैमरा और 2MP डेप्थ कैमरा भी मौजूद है. फ्रंट में यहां सेल्फी के लिए 24MP का कैमरा दिया गया है. ये स्मार्टफोन एक्शन कैमरा मोड को भी सपोर्ट करता है.
Nokia 8.3 5G एक एंड्रॉयड वन डिवाइस है और ये स्टॉक एंड्रॉयड 10 पर चलता है. इसकी बैटरी 4,500mAh की है और टाइप-सी के जरिए फास्ट चार्जिंग भी मिलेगी.