IPL 2023 Delhi vs Punjab: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 सीजन में बुधवार (17 मई) को एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 15 रनों से करारी शिकस्त दी. यह मैच शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच बराबरी पर चल रहा था.
मगर मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दो ऐसी बड़ी गलतियां कीं, जिसका फायदा पूरी तरह से दिल्ली की टीम ने उठाया और मैच लपक लिया. इसमें से एक गलती तो खुद पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने स्वीकार कर ली है. उन्होंने माना कि उनसे यह बड़ी गलती हो गई, जिसके कारण मैच निकल गया. आइए जानते हैं दोनों गलतियों के बारे में...
स्पिनर से आखिरी ओवर कराना पड़ गया महंगा
दरअसल, मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 2 विकेट पर 190 रन बना दिए थे. यहीं धवन से गलती हो गई और उन्होंने आखिरी ओवर करने की जिम्मेदारी स्पिनर हरप्रीत बराड़ को सौंपी. जबकि क्रीज पर रिली रोसो और फिल साल्ट काबिज थे और उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया.
रिली रोसो ने इस ओवर में 2 छक्के और एक चौका जमाया. इसके बाद फिल साल्ट ने भी अपना हाथ साफ किया और आखिरी बॉल पर चौका जड़ दिया. इस तरह दोनों बल्लेबाजों ने इस ओवर में कुल 23 रन बनाए. यही रन आखिर में पंजाब को भारी पड़ गए. धवन ने भी मैच के बाद ये गलती मानी और कहा कि उन्हें स्पिनर से यह ओवर नहीं कराना चाहिए थे. बता दें कि 19वें ओवर में भी तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने 18 रन लुटाए थे. इस तरह पंजाब ने आखिरी दो ओवर में 41 रन लुटाए. यही जीत-हार का बड़ा अंतर भी रहे.
For his game-changing 8⃣2⃣-run blitz, @Rileerr bagged the Player of the Match award as @DelhiCapitals beat #PBKS 👍 👍
— IndianPremierLeague (@IPL) May 17, 2023
Scorecard ▶️ https://t.co/lZunU0ICEw #TATAIPL | #PBKSvDC pic.twitter.com/kDgi8rHtL4
अथर्व ने रिटायर्ड आउट होकर खेल बिगाड़ दिया
पंजाब टीम से दूसरी बड़ी गलती बैटिंग के दौरान हो गई. दरअसल, पंजाब की टीम ने 50 रनों पर ही अपने दो विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन और अथर्व तायडे ने 50 गेंदों पर 78 रनों की जबरदस्त साझेदारी की थी. मगर यहां अथर्व तायडे ने 'रिटायर्ड आउट' होकर पूरा खेल बिगाड़ दिया. अथर्व ने 42 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेली थी और वो शानदार लय में नजर आ रहे थे.
यदि अथर्व रिटायर्ड आउट नहीं होते, तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था. पंजाब यह मैच काफी जल्दी भी जीत सकती थी, क्योंकि लिविंगस्टोन 48 गेंदों पर 94 रन बनाकर आखिर तक जमे रहे थे. मगर अथर्व का वह फैसला टीम पर भारी पड़ गया. अथर्व के बाद आए जितेश शर्मा बगैर खाता खोले आउट हुए. शाहरुख खान (6) और सैम कुरेन (11) भी नहीं चल सके. इस तरह पंजाब ने जीती बाजी गंवा दी.

रिली रोसो को चुना गया प्लेयर ऑफ द मैच
बता दें कि मैच में 214 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स 8 विकेट पर 198 रन ही बना सकी. रिली रोसो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 37 गेंदों पर 82 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 6 छक्के और इतने ही चौके जमाए. दिल्ली कैपिटल्स पहले ही IPL प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. जबकि इस हार के बाद पंजाब टीम का भी खेल बिगड़ गया है. उसकी भी अब प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं.