आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे पर 72 रनों से धमाकेदार जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की अगुवाई भारतीय टीम ने सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखी हैं. अब रविवार (1 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में उनका सामना भारतीय टीम का सामना वेस्टइंडीज से होगा. यह मुकाबला वर्चुअल क्वार्टर फाइनल जैसा होगा.
भारत और वेस्टइंडीज में से जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. भारत की जिम्बाब्वे पर जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंच गया. वहीं जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की रेस से पूरी तरह बाहर हो गया.
...तो नेट रनरेट बिगाड़ देगा खेल
अब फैन्स के मन में सवाल है कि अगर भारत-वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाता है तो क्या होगा. बता दें कि अगर रविवार को बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे. ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज दोनों के 3-3 अंक हो जाएंगे. लेकिन यहां नेट रन रेट (NRR) भारत का खेल बिगाड़ सकता है.
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे पर 101 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी, जिसके चलते उसका नेट रनरेट +1.791 है. भारत का नेट रनरेट फिलहाल -0.100 है, जो वेस्टइंडीज की तुलना में खराब है. ऐसे में मैच रद्द होने पर बेहतर नेट रनरेट के चलते वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.

अगर ऐसा होता है तो कप्तान सूर्यकुमार यादव की रणनीति पर सवाल उठ सकते हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में उन्होंने जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या के ओवर पूरे नहीं कराए. उनकी जगह शिवम दुबे से दो ओवर कराए गए, जिनमें 46 रन खर्च हो गए. अगर भारत जिम्बाब्वे के खिलाफ 108 या उससे ज्यादा रनों से जीत हासिल करता, तो उसका नेट रनरेट वेस्टइंडीज से ज्यादा हो जाता और बारिश की स्थिति में भी टीम सुरक्षित रहती.
मौसम विभाग के अनुसार रविवार (1 मार्च) को कोलकाता में मौसम साफ रहने की संभावना है. दिन का तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा. शाम को मैच के समय तापमान 25-26 डिग्री तक गिर जाएगा. शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस मुकाबले के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है.
फिलहाल तो मौसम भारतीय फैन्स के लिए राहत भरी खबर दे रहा है. अब सबकी नजर इस हाईवोल्टेज मुकाबले पर है, जहां हार का मतलब टूर्नामेंट से बाहर होना होगा...