scorecardresearch
 

'मुझे खुद को साबित नहीं करना...', विराट कोहली ने 2027 वर्ल्ड कप खेलने के लिए रख दी बड़ी शर्त

विराट कोहली टेस्ट के अलावा टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह चुके हैं. ऐसे में क्रिकेट जगत के 'किंग' कहे जाने वाले कोहली सिर्फ वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं. कोहली 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने शर्त रख दी है.

Advertisement
X
विराट कोहली वर्ल्ड कप 2027 में खेलना चाहते हैं, लेकिन... (Photo: Getty)
विराट कोहली वर्ल्ड कप 2027 में खेलना चाहते हैं, लेकिन... (Photo: Getty)

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए जबरदस्त खेल दिखा रहे हैं. कोहली ने 12 मैचों में 53.77 की औसत से 484 रन बनाए हैं और वो ऑरेंज कैप की रेस में मजबूती से बरकरार हैं. कोहली की टीम भी शानदार प्रदर्शन कर रही है और वो 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने की कगार पर है.

आईपीएल के बीच ही विराट कोहली ने एक खास इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर भी बहुत बड़ी बात कही. कोहली ने कहा कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए उनकी एक साफ शर्त है. कोहली ने कहा कि उन्हें बार-बार खुद को साबित करने की जरूरत महसूस नहीं होनी चाहिए.

इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि जब तक टीम को लगता है कि वह योगदान दे सकते हैं और टीम के माहौल में भरोसा बना रहता है, तब तक वह क्रिकेट खेलते रहेंगे. लेकिन अगर हर समय उनकी जगह और प्रदर्शन पर सवाल उठाए जाएंगे, तो वह ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहेंगे.

विराट कोहली ने आरसीबी के पॉडकास्ट में कहा, 'अगर मुझे यह महसूस कराया गया कि मुझे अपनी कीमत साबित करनी है, तो वह जगह मेरे लिए नहीं है. मैं अपनी तैयारी और मेहनत को लेकर पूरी तरह ईमानदार हूं.' 37 वर्षीय कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे क्रिकेट में उनका जुनून अब भी वैसा ही है.

Advertisement

'मैं हर गेंद को ऐसे खेलता हूं...'
विराट कोहली ने कहा कि वह हर मैच के लिए उसी गंभीरता से तैयारी करते हैं, जैसे अपने करियर की शुरुआत में करते थे. कोहली कहते हैं, 'अगर टीम कहे कि मुझे 40 ओवर तक बाउंड्री से बाउंड्री दौड़ना है, तो मैं बिना शिकायत करूंगा. मैं हर गेंद को ऐसे खेलता हूं जैसे वह मेरे करियर की आखिरी गेंद हो.' उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया, अब वह किसी आलोचना या रिकॉर्ड के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ खेल के प्रति अपने प्यार की वजह से मैदान पर उतरते हैं.

यह भी पढ़ें: वृंदावन में मिला सुकून… अब IPL में दिख रहा विराट कोहली का विकराल रूप!

विराट कोहली ने बताया, 'मैं वापस खेलने गया तो मेरे दिमाग में साफ था कि मुझे किसी को कुछ साबित नहीं करना. मैं सिर्फ इसलिए खेलना चाहता हूं क्योंकि मुझे क्रिकेट से प्यार है.' कोहली ने कहा कि जब उन्होंने दबाव और बाहरी बातों से खुद को अलग किया, तब उन्हें फिर से क्रिकेट खेलने में बचपन जैसा आनंद महसूस होने लगा.

विराट कोहली ने आगे कहा, 'मैं मैदान पर डाइव लगा रहा था, पूरे जोश से फील्डिंग कर रहा था. मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मैं फिर बच्चा बन गया हूं. अब यह किसी और के लिए नहीं, मेरे और क्रिकेट के रिश्ते के लिए है.' पूर्व भारतीय कप्तान ने टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों पर होने वाले लगातार आकलन पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी पर भरोसा जताया जाता है, तो फिर हर खराब प्रदर्शन के बाद उसका मूल्यांकन बदलना सही नहीं है.

Advertisement

विराट कोहली कहते हैं, 'या तो पहले दिन साफ कह दीजिए कि मैं जरूरी नहीं हूं, या फिर भरोसा रखिए. हर मैच के बाद सोच बदलने से कोई स्थिर माहौल नहीं बनता.' कोहली ने यह भी साफ कर दिया कि अगर वह खेलते रहे, तो उनकी सबसे बड़ी इच्छा भारत के लिए एक और वर्ल्ड कप खेलना होगी. कोहली ने कहा, 'अगर मैं खेल रहा हूं, तो जाहिर है मैं भारत के लिए वर्ल्ड कप खेलना चाहता हूं.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement