इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में बने हुए हैं. 15 साल की उम्र में जिस अंदाज में वह गेंदबाजों पर हमला कर रहे हैं, उसने सिर्फ भारतीय फैन्स ही नहीं बल्कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों को भी प्रभावित कर दिया है.
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जयपुर में खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 10 लंबे छक्के और 7 चौके शामिल रहे. वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया और प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं.
इस धमाकेदार पारी के बाद वैभव सोशल मीडिया पर छा गए. इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली और कामरान अकमल का एक वीडियो भी वायरल हो गया, जिसमें दोनों युवा बल्लेबाज की तारीफ करते नजर आए.
वीडियो में बासित अली मजाकिया अंदाज में कहते हैं- बबलू ने आज ड्रिंक की हुई थी, कॉम्पलैन पीया था. ये दो ओवर पहले फील्डिंग करने आया था. उन्होंने आगे कहा कि वैभव बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेलते हैं और फील्डिंग से बचते नजर आते हैं.
इस पर कामरान अकमल तुरंत उन्हें टोकते हुए कहते हैं- अरे नहीं, वो हर मैच में इम्पैक्ट प्लेयर बनकर ही खेलता है. फील्डिंग में कम नजर आता है.
इसके बाद बासित अली ने कहा कि वैभव को अपनी फील्डिंग पर भी ध्यान देना होगा. वहीं कामरान अकमल ने हंसते हुए कहा; ये मॉडर्न डे क्रिकेट को फॉलो नहीं कर रहा है.
Pakistanis 🇵🇰 have a nickname for Vaibhav Sooryavanshi: “Babloo” 😭 pic.twitter.com/iSEQhssafr
— Wren (@wrendom) May 20, 2026
हालांकि दोनों पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने पूरे शो में मजाकिया अंदाज में वैभव को 'बबलू' कहकर बुलाया और उनकी बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की.
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इस सीजन जमकर बोल रहा है. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा स्टार ने IPL 2026 में 13 मैचों में 579 रन बना लिए हैं और फिलहाल ऑरेंज कैप भी उन्हीं के पास है.
सबसे खास बात यह है कि वैभव इस सीजन अब तक 53 छक्के लगा चुके हैं. वह अब क्रिस गेल के एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्कों के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए हैं. जिस तरह की फॉर्म में वैभव नजर आ रहे हैं, उसे देखकर माना जा रहा है कि वह जल्द ही यह बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं. कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस निडर अंदाज में क्रिकेट खेला है, उसने उन्हें भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी लोकप्रिय बना दिया है.