आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज का शानदार प्रदर्शन जारी है. वेस्टइंडीज ने गुरुवार (19 फरवरी) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में इटली को 42 रनों से हराया. यह मौजूदा टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज की लगातार चौथी जीत रही. इटली की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतरी थी और उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी शानदार जज्बा दिखाया. हालांकि, अनुभवी वेस्टइंडीज के सामने उसकी चुनौती ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
इटली ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की. उसने पावरप्ले में ही ब्रैंडन किंग और शिमरॉन हेटमायर को आउट कर वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया. इसके बाद कप्तान शाई होप ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने 46 गेंदों पर 75 रन की संयमित पारी खेली और टीम की इनिंग्स को संभाले रखा. दूसरी ओर नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, लेकिन होप ने अंत तक टिककर टीम को 165 रन तक पहुंचाया. इटली की ओर से क्रिशन कालुगामागे (2/25) और कप्तान बेन मैनेंटी (2/37) ने कसी हुई गेंदबाजी की, जिससे वेस्टइंडीज बड़ा स्कोर नहीं बना सकी.
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली ने आक्रामक शुरुआत की. मोस्का ब्रदर्स ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने जल्द ही मैच का रुख बदल दिया. तेज गेंदबाज शमर जोसेफ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर चार विकेट झटके. वहीं फास्ट बॉलर मैथ्यू फोर्ड ने 19 रन देकर तीन विकेट झटके. इन दोनों ने मिलकर इटली की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. इटली की पूरी टीम 18वें ओवर ऑलआउट हो गई और वो जीत के साथ वर्ल्ड कप को बाय-बाय नही कर सकी.
शमर जोसेफ ने तो फील्डिंग में भी कमाल का प्रदर्शन किया और चार कैच लपके. जोसेफ किसी टी20 इंटरनेशल मैच (पुरुष या महिला) में चार विकेट और चार कैच लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. टी20 फॉर्मेट में 4 विकेट लेना ही बड़ी बात होती है, साथ ही 4 कैच लेना भी दुर्लभ उपलब्धि है. दोनों एक साथ करना लगभग असंभव माना जाता है, जिसे जोसेफ ने कर दिखाया.
टी20 विश्व कप मैच में सबसे अधिक कैच (गैर-विकेटकीपर)
4- डेरेन सैमी (वेस्टइंडीज) बनाम आयरलैंड, प्रोविडेंस, 2010
4- एडन मार्कराम (साउथ अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, न्यूयॉर्क, 2024
4- ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) बनाम नामीबियाई, नॉर्थ साउंड, 2024
4- जॉर्ज मुन्सी (स्कॉटलैंड) बनाम इटली, कोलकाता, 2026
4- शमर जोसेफ (वेस्टइंडीज) बनाम इटली, कोलकाता, 2026
लगातार चार जीत के साथ वेस्ट इंडीज सुपर-8 में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ पहुंची है. टीम की बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी दोनों ही लय में नजर आ रही हैं. इटली के लिए भले ही यह अभियान खत्म हो गया हो, लेकिन पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने का अनुभव उसके भविष्य के लिए बड़ी पूंजी साबित होगा.