scorecardresearch
 

टी20 वर्ल्ड कपः सुपर-8 में बारिश के चलते रद्द हुआ मैच तो क्या होगा? जान लें ICC का नियम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में हर टीम को तीन मैच खेलने हैं. अगर कोई मैच बारिश के कारण 5-5 ओवर भी नहीं हो पाता, तो उसे रद्द कर दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिए जाएंगे. सुपर-8 में कोई रिजर्व डे नहीं है, इसलिए बारिश से सेमीफाइनल की दौड़ पर बड़ा असर पड़ सकता है.

Advertisement
X
बारिश की वजह से मैच रद्द होने से बढ़ी दोनों टीमों की टेंशन वर्ल्ड कप की टेंशन (Photo: AFP)
बारिश की वजह से मैच रद्द होने से बढ़ी दोनों टीमों की टेंशन वर्ल्ड कप की टेंशन (Photo: AFP)

टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट में सुपर-8 राउंड की शुरुआत हो चुकी है. इस चरण के लिए भारत, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने क्वालिफाई किया है. इन आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप की टीमें आपस में एक-एक मुकाबला खेलेंगी और टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.

ऐसे में हर मैच की अहमियत बढ़ गई है. लेकिन कोलंबो में लगातार हो रही बारिश ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर सुपर-8 का कोई मुकाबला बारिश में धुल गया तो क्या होगा? ये सवाल इसलिए भी बड़ा हो गया है क्योंकि सुपर-8 के पहले मैच में यानी पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के मुकाबले को बारिश ने धो दिया है. और ये मैच बिना एक गेंद खेले ही रद्द कर दिया गया है.

अगर बारिश से मैच रद्द हुआ तो?

सुपर-8 के मुकाबले भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे. हालांकि कोलंबो में बारिश के कारण मैच पर खतरा बना हुआ है. नियमों के मुताबिक, सुपर-8 में भी ग्रुप स्टेज की तरह कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है.

यह भी पढ़ें: New Zealand vs Pakistan T20 WC Live Score: कोलंबो में भारी बारिश ने रोका पाकिस्तान-न्यूजीलैंड का मैच, सुपर-8 की है टक्कर

Advertisement

आईसीसी के नियम कहते हैं कि टी20 मैच का नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलने जरूरी हैं. अंपायर कोशिश करेंगे कि किसी भी तरह मुकाबला पूरा कराया जाए, ताकि परिणाम निकल सके.

लेकिन अगर बारिश इतनी ज्यादा हो जाए कि दोनों टीमें 5-5 ओवर भी नहीं खेल पाएं, तो मैच रद्द घोषित कर दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा की वर्ल्ड कप से छुट्टी तय? कप्तान सूर्या ने सुपर-8 से पहले बताया गेम प्लान

रद्द मैच पर कितने मिलेंगे अंक?

अगर मुकाबला बिना नतीजे के खत्म होता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया जाएगा. किसी टीम को जीत का फायदा नहीं मिलेगा. सबसे अहम बात यह है कि ऐसे मैच का नेट रन रेट पर कोई असर नहीं पड़ेगा. यानी पॉइंट्स टेबल में सिर्फ एक-एक अंक जुड़ेंगे, लेकिन जीत के दो अंक किसी को नहीं मिलेंगे.

हर टीम को मिलेंगे 3 मौके

सुपर-8 में हर टीम को 3-3 मैच खेलने हैं. हर मुकाबला दो अंकों के लिए होता है. ऐसे में अगर बारिश की वजह से मैच रद्द होता है, तो टीमों के लिए यह बड़ा नुकसान साबित हो सकता है.

खासकर उन टीमों के लिए जो नेट रन रेट के सहारे सेमीफाइनल की रेस में बने रहना चाहती हैं. एक जीत से जहां दो अंक मिलते हैं, वहीं रद्द मैच में सिर्फ एक अंक मिलता है.

Advertisement

टूर्नामेंट में पहले भी बारिश का असर दिख चुका है. जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला गया एक मुकाबला पूरी तरह रद्द हो गया था, जिससे दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला और आगे की स्थिति पर उसका असर पड़ा.

सेमीफाइनल की दौड़ और भी रोमांचक

सुपर-8 में अब हर मैच करो या मरो जैसा होगा. बारिश अगर बीच में दखल देती है, तो अंक तालिका में बड़ा उलटफेर हो सकता है. ऐसे में टीमों के लिए जरूरी होगा कि वे अपने बचे हुए मैचों में ज्यादा से ज्यादा जीत दर्ज करें और नेट रन रेट भी बेहतर रखें. क्रिकेट फैंस अब सिर्फ रोमांचक मुकाबलों ही नहीं, बल्कि मौसम पर भी नजरें टिकाए हुए हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement