scorecardresearch
 

SRH vs PBKS: हारकर भी 'जीत' गए कूपर कोनोली, 22 साल की उम्र में ह‍िला दी IPL की र‍िकॉर्डबुक, कई कीर्तिमान ध्वस्त

सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को बुधवार को खेले गए मुकाबले में 33 रनों से मात दी. इस मैच में भले ही पंजाब की टीम को हार मिली, लेकिन पंजाब की टीम के कूपर कोनोली ने र‍िकॉर्डबुक ह‍िला दी. इस जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में हैदराबाद की टीम अब 'टेबल टॉपर' बन गई है.

Advertisement
X
कूपर कोनोली ने आईपीएल में अपना शततक जड़ा (Photo: PTI)
कूपर कोनोली ने आईपीएल में अपना शततक जड़ा (Photo: PTI)

सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 में बुधवार को 33 रन से हराकर आईपीएल पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल कर लिया. हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन की शानदार पारियों के बाद SRH ने 235 रन बनाए. जवाब में पंजाब की खराब फील्डिंग और शुरुआती बल्लेबाजी की नाकामी भारी पड़ी. कूपर कोनोली का शतक भी टीम को हार से नहीं बचा सका.

इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. साथ ही 220 से ज्यादा रन डिफेंड करने का उनका शानदार रिकॉर्ड भी कायम रहा. अब तक उन्होंने 220+ स्कोर बचाने के सभी 11 मैच जीते हैं.

वहीं खास बात यह रही कि इस मैच में भले ही पंजाब अपना बैक टू बैक तीसरा मैच हारी हो, लेकिन वो अभी भी टेबल में दूसरे नंबर पर है और उसका नेट रन रेट पॉज‍िट‍िव है. कोनोली ने नाबाद 107 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 7 चौके लगाए. कोनोली को किस्मत का भी साथ मिला, क्योंकि उन्हें दो बार जीवनदान मिला. इसका पूरा फायदा उठाया, हालांकि दूसरी ओर से लगातार विकेट गिरते रहे, जिससे पंजाब मैच में कभी मजबूत स्थिति में नहीं आ सका.

Advertisement

शशांक सिंह के आउट होते ही मुकाबला लगभग खत्म हो गया और सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिर में आसानी से जीत दर्ज कर ली. हालांकि कोनोली की तूफानी पारी की वजह से हार का अंतर कम रहा, जिससे पंजाब किंग्स के नेट रन रेट (NRR) को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा. पंजाब किंग्स के लिए इस मैच में अगर कोई सकारात्मक बात रही, तो वह कूपर कोनोली की शानदार पारी थी. उन्होंने अपने टी20 करियर का पहला शतक जड़ा और अकेले दम पर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की. 

इस दौरान कोनोली ने कई अव‍िश्वसनीय रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. वहीं पंजाब को इस दौरान हैदराबाद के ख‍िलाफ एक शर्मनाक कीर्त‍िमान की ल‍िस्ट में भी शाम‍िल होना पड़ गया.  अब सनराइजर्स हैदराबाद को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी तीन मैचों में सिर्फ एक जीत की जरूरत है. वहीं पंजाब किंग्स को अपनी फील्डिंग और शुरुआती बल्लेबाजी में तुरंत सुधार करना होगा, नहीं तो प्लेऑफ की राह मुश्किल हो सकती है.

IPL में सेंचुरी बनाने वाले सबसे कम उम्र के विदेशी बैटर

  • 22 साल 257 दिन - कूपर कोनोली (PBKS) बनाम SRH, हैदराबाद, 2026*
  • 23 साल 122 दिन - क्विंटन ड‍ि कॉक (DD) बनाम RCB, बेंगलुरु, 2016
  • 23 साल 153 दिन - डेविड वॉर्नर (DD) बनाम KKR, दिल्ली, 2010
  • 23 साल 330 दिन - डेविड मिलर (KXIP) बनाम RCB, मोहाली, 2013
  • 23 साल 352 दिन - कैमरन ग्रीन (MI) बनाम SRH, वानखेड़े, 2023

IPL में 22 साल की उम्र में PBKS के लिए सेंचुरी
103 - प्रभसिमरन बनाम DC, दिल्ली, 2023
107* - कूपर कोनोली बनाम SRH, हैदराबाद, 2026*

Advertisement

8 छक्के, 22 साल की उम्र में IPL की एक इनिंग में PBKS बैटर द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के, उनके अपने सात छक्कों से बेहतर हैं, जो सीज़न की शुरुआत में मुल्लांपुर में LSG के ख‍िलाफ छक्के जड़कर उन्होंने बनाया था.  

IPL में SRH के ख‍िलाफ़ PBKS के सबसे ज्यादा स्कोर
104* - क्रिस गेल, मोहाली, 2018
107* - कूपर कोनोली, हैदराबाद, 2026*
99* - शिखर धवन, हैदराबाद, 2023
96 - हाशिम अमला, मोहाली, 2016

IPL में एक जगह पर किसी विरोधी टीम के ख‍िलाफ सबसे ज्यादा जीत
11 - MI बनाम KKR, वानखेड़े में (13 मैच)
10 - SRH बनाम PBKS, हैदराबाद में (11 मैच)*
9 - KKR बनाम PBKS, कोलकाता में (15 मैच)
9 - CSK बनाम KKR, चेन्नई में (13 मैच)
IPL में हैदराबाद में PBKS के ख‍िलाफ SRH की लगातार नौ जीत

IPL में किसी जगह पर किसी टीम की किसी विरोधी टीम के खिलाफ सबसे लंबी जीत का सिलसिला
9 - SRH बनाम PBKS, हैदराबाद (2015-26)*
8 - CSK बनाम RCB, चेन्नई (2010-24)
7 - CSK बनाम DC, चेन्नई (2011-23)
7 - MI बनाम KKR, वानखेड़े (2013-23)

SRH ने 220+ टारगेट डिफेंड करते हुए
मैच: 11, जीते - 11, हारे - 0


पंजाब की खराब फील्डिंग बनी हार की वजह, SRH ने 33 रन से दर्ज की धमाकेदार जीत

Advertisement

हैदराबाद में खेले गए आईपीएल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया. SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 7 विकेट पर 202 रन ही बना सकी.

इस जीत के साथ SRH के 14 अंक हो गए हैं और टीम प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंच गई है. वहीं पंजाब किंग्स की यह लगातार तीसरी हार रही. खास बात यह भी रही कि पंजाब की टीम हैदराबाद में लगातार नौवां IPL मुकाबला हार गई.

सनराइजर्स के लिए हेनरिक क्लासेन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 69 रन बनाए. उनकी पारी में कई दमदार शॉट देखने को मिले. ईशान किशन ने भी 32 गेंदों में 55 रन की तेज पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों को पंजाब के फील्डरों ने कई जीवनदान दिए, जिसका SRH ने पूरा फायदा उठाया.

पंजाब की फील्डिंग बेहद खराब रही. टीम ने क्लासेन और किशन के आसान कैच छोड़े, जबकि प्रभसिमरन सिंह एक आसान स्टंपिंग भी मिस कर बैठे. युजवेंद्र चहल को इसका सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, क्योंकि उनकी गेंदों पर मिले मौके फील्डरों ने गंवा दिए. चहल ने मुश्किल परिस्थितियों में भी 4 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिया.

Advertisement

SRH की शुरुआत हमेशा की तरह विस्फोटक रही. अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों में 35 रन ठोक दिए. उन्होंने शुरुआत में ही बड़े शॉट लगाकर पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. ट्रेविस हेड ने भी 19 गेंदों में 38 रन बनाए और पावरप्ले में SRH को 79 रन तक पहुंचा दिया.

इसके मुकाबले पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही. कप्तान पैट कमिंस ने प्रियांश आर्य को जल्दी आउट कर दबाव बना दिया. प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. पावरप्ले में पंजाब ने 3 विकेट खोकर सिर्फ 57 रन बनाए और यहीं से मैच हाथ से निकल गया.

हालांकि कूपर कोनोली ने अकेले संघर्ष करते हुए शानदार शतक लगाया. उन्होंने 59 गेंदों में नाबाद 107 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला. उनकी पारी पंजाब के लिए हार के बीच एकमात्र सकारात्मक पहलू रही.

गेंदबाजी में कप्तान पैट कमिंस ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए. ईशान मलिंगा ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 34 रन दिए. दोनों गेंदबाजों ने मिलकर 21 डॉट बॉल फेंकी, जिसने पंजाब की रन गति पर बड़ा असर डाला.

SRH के बल्लेबाजों ने पूरे मैच में 17 छक्के लगाए. अभिषेक शर्मा ने 4, ट्रेविस हेड ने 3, जबकि ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने 4-4 छक्के जड़े. दूसरी ओर पंजाब के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन और अर्शदीप सिंह काफी महंगे साबित हुए. दोनों ने मिलकर 8 ओवर में 100 रन लुटा दिए.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement