टी20 वर्ल्ड कप का 9वां मुकाबला आज साउथ अफ्रीका और कनाडा के बीच खेला जा रहा है. ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहा है. कनाडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. इस मुकाबले के जरिए दोनों ही टीमें अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज कर रही हैं. साउथ अफ्रीका ने 213 रन बनाए हैं. अब कनाडा की बैटिंग जारी है. इस मैच का लाइव स्कोरकार्ड जानने के लिए इस पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें...
ऐसी रही साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद शानदार रही. मार्करम और डिकॉक ने धागा खोल दिया. दोनों के बीच 7 ओवर में 70 रनों की साझेदारी हुई. पहला विकेट डिकॉक का गया. उनके बल्ले से केवल 25 रन आए. लेकिन मार्करम नहीं रुके. मार्करम ने फिफ्टी लगाई. उन्होंने 32 गेंद में 59 रन ठोके. उनका विकेट 12वें ओवर में गिरा. इसके बाद रेयान रिकल्टन और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच साझेदारी हुई.
इन दोनों के आउट होने के बाद डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला और स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया. साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर कनाडा के सामने 213 रन बनाए.
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रेयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कागीसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी.
कनाडा (प्लेइंग इलेवन): युवराज समरा, दिलप्रीत बाजवा, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, श्रेयस मोव्वा, हर्ष ठाकर, साद बिन जफर, जसकरन सिंह, दिलन हेइलिगर, कलीम सना, अंश पटेल.
भारत के खिलाफ जून 2024 में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल हारने के बाद से दक्षिण अफ्रीका का टी20 प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. इस दौरान टीम ने 32 मैच खेले हैं, जिनमें से सिर्फ 12 में जीत हासिल की है. हालांकि, टीम के पास अब विश्व खिताब जीतने का आत्मविश्वास जरूर है. दक्षिण अफ्रीका ने पिछले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतकर अपना लंबे समय से चला आ रहा खिताबी सूखा खत्म किया था.
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने कहा कि टीम 2024 के फाइनल में भारत से मिली हार का बोझ नहीं ढो रही है.
मार्करम ने कहा, पिछला वर्ल्ड कप अब इतिहास है. दो साल हो चुके हैं. इसके बाद हमने काफी क्रिकेट खेला है. खिताब का दावेदार बनने का हक पहले ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन करके हासिल करना होता है.
कनाडा की नजर मजबूत छाप छोड़ने पर
कनाडा ने पिछले चार महीनों में ज्यादा उच्च स्तर का क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन टीम इस टूर्नामेंट में प्रभाव छोड़ने के इरादे से उतरेगी. यह कनाडा का लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप है.