बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में हुए विवादित रन आउट पर पाकिस्तानी बल्लेबाज सलमान अली आगा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि अगर वह बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज की जगह होते तो खेल भावना का पालन करते और इस तरह रन आउट नहीं करते. 13 मार्च (शुक्रवार) को मीरपुर के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान यह घटना काफी चर्चा में रही.
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई. उस ओवर में मेहदी हसन मिराज की चौथी गेंद को मोहम्मद रिजवान ने हल्के से गेंदबाज की ओर खेल दिया. मिराज ने फॉलो-थ्रू में अपने जूते से गेंद को रोक लिया, लेकिन उसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान अली आगा से उनकी हल्की टक्कर हो गई. उस समय सलमान क्रीज से बाहर थे.
सलमान अली आगा को लगा कि गेंद डेड हो चुकी है, इसलिए वह झुककर गेंद उठाने लगे, ताकि उसे मेहदी हसन मिराज को वापस दे सकें. लेकिन मिराज ने तुरंत गेंद उठाकर नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टम्प्स पर मारा और रन आउट की अपील कर दी. मैदानी अंपायर तनवीर अहमद ने पूरे मामले को तीसरे अंपायर के पास भेजा, जिन्होंने रिप्ले देखने के बाद सलमान को आउट करार दिया क्योंकि गेंद अब भी प्ले में थी और उनका बल्ला क्रीज के अंदर नहीं था.
'नियमों के मुताबिक सही, लेकिन...'
आउट होने के बाद सलमान अली आगा काफी नाराज दिखे और बांग्लादेश कप्तान से उनकी तीखी बहस भी हुई. बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान ने कहा, 'मेरा मानना है कि क्रिकेट में स्पोर्ट्समैन स्पिरिट होनी चाहिए. जो मिराज ने किया वह नियमों के अनुसार सही है, लेकिन अगर आप मुझसे पूछें तो मैं इसे अलग तरीके से करता. मैं स्पिरिट ऑफ क्रिकेट को प्राथमिकता देता.'
सलमान अली आगा ने बताया कि उन्हें लगा था गेंद उनके पैड और बल्ले से लगकर रुक गई है, इसलिए अब रन-आउट नहीं किया जा सकता. सलमान कहते हैं, 'गेंद पहले मेरे पैड और फिर बल्ले से लगी थी. इसलिए मुझे लगा कि अब मुझे रन आउट नहीं किया जा सकता. मैं बस गेंद उठाकर उन्हें वापस देने जा रहा था.'
इस घटना के बाद सलमान अली आगा और बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास के बीच भी तीखी बहस हुई थी. हालांकि सलमान ने इसे 'हीट ऑफ द मोमेंट' बताया. उन्होंने कहा, 'वह सब उस समय गरमा-गरमी में हुआ. मुझे याद भी नहीं कि हम क्या कह रहे थे. मुझे यकीन है कि हम दोनों ही अच्छी बातें नहीं कह रहे थे, लेकिन अब सब ठीक है.'
जब सलमान अली आगा से पूछा गया कि क्या उन्होंने मेहदी हसन मिराज से इस मामले को लेकर बात की, तो सलमान ने कहा कि अभी तक नहीं, लेकिन वह जल्द ही उनसे मिलकर बात करेंगे. इस पूरे विवाद के बावजूद पाकिस्तानी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मैच में डीएलएस नियम के तहत 128 रनों से जीत हासिल की.