आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच नंबर-7 में सोमवार (9 फरवरी) को इटली का सामना स्कॉटलैंड से हुआ. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए ग्रुप-सी के इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने इटली पर 73 रनों से जीत हासिल की. इटली को जीत के लिए 208 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी टीम 16.4 ओवरों में 134 रनों पर सिमट गई.
इटली की टीम पहली बार क्रिकेट विश्व कप में भाग ले रही है और उसका इस टूर्नामेंट में डेब्यू मुकाबला था. हालांकि इटली की टीम इस मैच को यादगार नहीं बना सकी. दूसरी ओर स्कॉटलैंड को बांग्लादेश के बाहर होने के बाद विश्व कप में भाग लेने का मौका मिला है. स्कॉटलैंड ने पहला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था, जहां उसे 35 रनों से हार झेलनी पड़ी थी. अब उसने इटली को हराकर खाता खोला है.
इटली के लिए रनचेज में बेन मैनेंटी ने 5 चौके और एक सिक्स की मदद से 31 बॉल पर 52 रन बनाए. वहीं हैरी मैनेंटी ने 25 गेंदों पर 37 रनों का योगदान दिया. हैरी ने अपनी इनिंग्स में तीन छक्के के अलावा एक चौका जड़ा. इन दोनों के अलावा जेजे स्मट्स (22 रन) और एंथोनी मोस्का (13 रन) ही दोहरे अंकों में पहुंच सके. इटली के कप्तान वेन मैडसेन इंजर्ड होने के चलते बैटिंग करने आए. स्कॉटलैंड की तरफ से माइकल लीस्क ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके.
स्कॉटलैंड के लिए मुन्सी ने काटा गदर
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए स्कॉटलैंड ने 4 विकेट पर 207 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्सी ने 13 चौके और दो छक्के की मदद से 54 बॉल पर 84 रनों का योगदान दिया. वहीं ब्रैंडन मैकमुलेन ने सिर्फ 18 गेंदों पर नाबाद 41 रन ठोक डाले, जिसमें चार छक्के शामिल थे. माइकल जोन्स (37 रन) और माइकल लीस्क (नाबाद 22 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया. इटली की तरफ से जेजे स्मट्स, थॉमस ड्रेका, अली हसन और ग्रांट स्टीवर्ट ने एक-एक विकेट हासिल किया.
मुकाबले में स्कॉटलैंड की प्लेइंग इलेवन: जॉर्ज मुन्सी, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वाट, माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन, ब्रैड व्हील, ब्रैड क्युरी.
मुकाबले में इटली की प्लेइंग इलेवन: जस्टिन मोस्का, एंथोनी मोस्का, जेजे स्मट्स, वेन मैडसेन (कप्तान), हैरी मैनेंटी, बेन मैनेंटी, जियान मीडे (विकेटकीपर), ग्रांट स्टीवर्ट, क्रिसन कलुगामागे, अली हसन, थॉमस ड्रेका.