टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने कोलंबो में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की. इस जीत के बाद भारतीय राजनीतिज्ञों ने टीम इंडिया को बधाई दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, 'शानदार खेल टीम इंडिया. फॉर्मेट, जगह और तारीखें बदलती रहती हैं, लेकिन भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले का नतीजा हमेशा एक-सा रहता है. पूरी टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई.'
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने X पोस्ट में लिखा, 'भारतीय टीम को एक और शानदार जीत पर हार्दिक बधाई! मेन इन ब्लू ने अपना दबदबा कायम रखते हुए पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर देश का नाम रोशन किया. मुश्किल विकेट पर शानदार पारी खेलने के लिए युवा ईशान किशन की विशेष प्रशंसा.'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने X पोस्ट में लिखा, 'भारतीय टीम ने धुरंधरों की तरह मैदान पर दबदबा कायम किया! शानदार प्रदर्शन, बेजोड़ टीम वर्क और दमदार फिनिश. पाकिस्तान पर शानदार जीत के लिए भारतीय टीम को बधाई. हमें अपने चैम्पियंस पर गर्व है! टी20 विश्व कप 2026 के आगामी मैचों के लिए मेरी शुभकामनाएं.'
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने X पर लिखा, 'पाकिस्तान हर बार इस बार पक्का कहकर आता है… और हर बार अब अगली बार बोलकर लौट जाता है. महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यह महाविजय पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. जय हो टीम इंडिया!'
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने X पर पोस्ट किया, 'भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरू से अंत तक हर कदम पर दबदबा बनाए रखा! शानदार प्रदर्शन और पाकिस्तान पर निर्णायक जीत के लिए भारतीय टीम को बधाई!'
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने X पोस्ट में लिखा, 'अलग-अलग साल, अलग-अलग टूर्नामेंट, नतीजा एक ही! भारत हर क्षेत्र में पाकिस्तान से आगे है. टी20 विश्व कप में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से हराया. खूबसूरत कप जीतने के लिए तैयार हो जाओ! #ब्लीडब्लू'
मैच की बात करें तो पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. हालांकि, ईशान किशन ने उनकी कमी नहीं खलने दी और हर ओवर के साथ धीमी होती विकेट पर 40 गेंदों में 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रनों की दमदार पारी खेलकर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई.
दूसरे छोर पर तिलक वर्मा एंकर की भूमिका निभाते हुए दिखे. वह 25 रन बनाकर आउट हुए. बैटिंग के लिए मुश्किल पिच पर कप्तान सूर्य कुमार यादव ने 32, शिवम दुबे ने 27 और रिंकू सिंह ने 11 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं और टीम इंडिया के स्कोर को 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रनों तक पहुंचाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने बड़ा झटका दे दिया. उन्होंने शाहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया.
अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को चलता कर पाकिस्तानी बैटिंग की कमर तोड़ दी. यहां से पाकिस्तान की टीम उबर नहीं सकी और 18 ओवर में 114 रनों पर ऑल आउट हो गई. उसकी ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए. कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए. ईशान किशन को उनकी आकर्षक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.